वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहदीगंज गांव में गुरुवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर बुजुर्ग किसान राजकुमार गुप्ता(60) की हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना का कारण जमीन का विवाद बताया गया है।
मिर्जामुराद थाने की पुलिस बुजुर्ग के भतीजे सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है। परिजनों के अनुसार बदमाशों ने मुंह में पिस्टल सटाकर फायरिंग की। थाना क्षेत्र के मेहदीगंज निवासी राजकुमार गुप्ता अपने तीन साथियों के साथ घर में बैठ कर टीवी देख रहे थे।
राजकुमार की पत्नी गिरजा देवी के अनुसार बाइक से आए तीन बदमाश घर में घुसे और उनके पति को गोली मार कर असलहा लहराते हुए भाग निकले। गिरजा देवी ने बताया कि उनके पति और पट्टीदार के लड़कों के बीच दो महीने से जमीन विवाद चल रहा था।
पट्टीदार के लड़के कोलकाता रहते हैं और इन दिनों गांव आए हुए हैं। गुरुवार की दोपहर जमीन की नापी और उस पर ईंट रखने के दौरान विवाद हुआ तो बात हाथापाई तक पहुंच गई थी। रात में पट्टीदार के लड़कों ने अपने दोस्तों के साथ राजकुमार की गोली मार कर हत्या कर दी।
वारदात की जानकारी पाकर घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के पेट में गोली मारी गई थी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। जमीन संबंधी विवाद और उस पर कब्जा करने के चक्कर में बुजुर्ग को गोली मारी गई है। बुजुर्ग के पट्टीदार के लड़के सहित तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।