वाराणसी: दरोगा ने चाय दुकानदार से की मारपीट, पत्नी-बेटी से दुर्व्यवहार, लोगों का आरोप शराब के नशे में किया ऐसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के भेलूपुर थाना अंतर्गत किरहिया में शनिवार की रात एक चाय दुकानदार से मारपीट और उसकी पत्नी व बेटी से दुर्व्यवहार का आरोप दरोगा पर लगाकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि दरोगा शराब के नशे में धुत था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे भेलूपुर थाना प्रभारी ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। एहतियातन मौके पर पुलिस तैनात की गई है।
भेलूपुर थाना अंतर्गत किरहिया चौराहा पर बृजेश गुप्ता की चाय की दुकान और थोड़ी दूर पर मकान है। बृजेश की पत्नी रीना देवी और बेटी आस्था गुप्ता ने बताया कि उनके परिवार का भरण-पोषण चाय की दुकान से ही होता है। खोजवां चौकी के दरोगा सनी निषाद ने छठ के दिन नशे में धुत होकर अकारण ही बृजेश को पांच-छह थप्पड़ मारा था।
शनिवार की रात बर्तन वगैरह धुलकर परिवार के सभी सदस्य दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच दरोगा सनी निषाद शराब के नशे में धुत होकर फिर आया और बृजेश को थप्पड़ मारकर कहा कि क्या पिछली बार के थप्पड़ भूल गए हो। इसके बाद मां-बेटी को दरोगा ने गाली दी और बेइज्जती करने की बात कहने लगा।
मां-बेटी ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग एकत्र हो गए और दरोगा भाग निकला। स्थानीय लोगों के हंगामे की सूचना पाकर भेलूपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तो लोग उनसे दरोगा सनी का मेडिकल मुआयना कराने की मांग कराने लगे। इंस्पेक्टर भेलूपुर ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया और दरोगा के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर भेलुपुर अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर आज ही एसएसपी को भेज दी जाएगी। शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।