श्वेता कहती थी पत्नी से तलाक लेकर करो शादी, होटल मालिक बोला- धमकाने में कब दब गया ट्रिगर पता नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काशी विद्यापीठ की छात्रा श्वेता सिंह उर्फ लवलिका की हत्या के आरोपी उसके दोस्त और होटल अशोका के मालिक अमित सिंह को मंगलवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। अमित ने पुलिस को बताया कि श्वेता उस पर पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी।
अमित ने बताया कि शराब के नशे में वह श्वेता को लाइसेंसी पिस्टल दिखा कर धमका रहा था कि पत्नी को तलाक नहीं दे सकता। इसी बीच कब पिस्टल का ट्रिगर दब गया और श्वेता को गोली लग गई, इसका पता ही नहीं लगा।
पुलिस अब अमित की जब्त .32 बोर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजेगी। तुलसीपुर (मंडुवाडीह रेलवे क्रासिंग गेट नंबर तीन के समीप) निवासी राम इकबाल सिंह की पोती श्वेता की सोमवार सुबह सिगरा स्थित होटल अशोका के कमरा नंबर सात में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कमरे से शराब के नशे में धुत होटल मालिक अमित सिंह को उसकी लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था।
इंस्पेक्टर सिगरा सतीश सिंह के अनुसार, पूछताछ में अमित ने स्वीकार किया कि उसके और श्वेता के करीबी संबंध थे। श्वेता उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, इसे लेकर वह तनाव में था। अमित ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को छोड़ना नहीं चाहता था। यही बात श्वेता को भी समझा रहा था, लेकिन शराब के नशे में क्या से क्या हो गया, उसे पता ही नहीं लगा।
फेसबुक से हुई थी दोस्ती, रात भर में ढाई बोतल पी शराब :
अमित ने बताया कि उसकी और श्वेता की दोस्ती लगभग तीन साल पहले फेसबुक से हुई थी और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। 21 जुलाई की रात उसने और श्वेता ने लगभग ढाई बोतल शराब पी थी। दोनों कुछ भी सोच-समझ पाने की स्थिति में नहीं थे, लेकिन बातचीत जारी थी। पिस्टल की गोली जब श्वेता के बाएं कान के नीचे जा लगी और उसकी मौत हो गई तो उसे लगा कि यह क्या हो गया। इसके बाद वह काफी देर तक अवाक बैठा रहा और फिर हिम्मत जुटा कर पुलिस को सूचना दी।