बलिया: भाजपा नेता ने दी बिजली विभाग के एई को मारने की धमकी, पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलिया जिले में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ने भाजपा नेता पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसको लेकर अभियंता ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
अधीक्षण अभियंता(एई) ने राम किशोर ने बलिया कोतवाली में तहरीर देकर भाजपा नेता विनोद तिवारी पर कार्यालय में घुसकर अधीनस्थ कर्मचारियों से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस पर बिजली विभाग के कर्मचारी भी आंदोलित हो गए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और हड़ताल करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उधर, भाजपा नेता का कहना है कि उनके खिलाफ साजिश के तहत ये तहरीर दी गई है। वे 30 सितंबर को बेटी के इलाज को लेकर वाराणसी में थे।
कोतवाली बलिया में दी तहरीर में अधीक्षण अभियंता राम किशोर ने बताया है कि वे 30 सितंबर 2019 को अस्वस्थ होने के कारण अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। तभी दिन में लगभग 3 बजकर 42 मिनट पर एकईल गांव निवासी विनोद तिवारी अपने दो तीन साथियों के साथ कार्यालय में आए। उन्होंने कार्यालय में मौजूद अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार से मेरे बारे में पूछताछ की।
दिनेश कुमार ने जब उन्हें बताया कि मैं अस्वस्थ होने की वजह से आफिस नहीं आया हूं तो विनोद तिवारी ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि साहब से कह देना कि अपनी सुरक्षा बढ़ा लें। बैरिया विधायक तो केवल गाली देते हैं, मैं बहुत मारता भी हूं और मारूंगा भी। कार्यालय में उस समय कार्यकारी सहायक रमेश कुमार, प्रमोद कुमार राय, दिनेश कुमार, देवेंद्र प्रताप आदि उपस्थित थे। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि इस घटना के बाद कार्यालय के कर्मचारियों में भय का माहौल है।
मेरे खिलाफ हो रही साजिश :
भाजपा नेता विनोद तिवारी का इस मामले में कहना है कि उनके खिलाफ ये तहरीर साजिश के तहत दी गई है। अभी एआरएम को लेकर हुए मामले को हल्का करने के उद्देश्य से साजिश के तहत ये तहरीर दी गई है, जबकि मैं 30 सितंबर को अपनी बेटी का इलाज कराने के लिए वाराणसी गया हुआ था। इसका मेरे पास सबूत भी है।