डॉ. रीना की मौत को लेकर हुआ नया खुलासा, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पति समेत तीन पर केस
वाराणसी के डॉ. आलोक सिंह की पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना सिंह (35) की सीढ़ियों से गिरने के कारण मौत हुई थी। इस हादसे ने अब नया मोड़ ले लिया है। सीसी फुटेज से आए इस ट्विस्ट ने मामले को हत्या का रुप दे दिया है।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन की वाराणसी शाखा के सचिव टैगोर टाउन निवासी डॉ. आलोक सिंह की पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना सिंह (35) की मंगलवार को सीढ़ी से फिसल कर गिरने के कारण मौत हो गई थी।
मंगलवार देर रात पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों ने डॉ. आलोक पर हत्या का आरोप लगाया और दोबारा पोस्टमार्टम कराने के मांग की। डीएम के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। देर रात हरिश्चंद्र घाट पर रीना का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वहीं पिता रंगनाथ सिंह की तहरीर पर पति डॉ. आलोक सिंह, ससुर डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह और सास सावित्री सिंह के खिलाफ हत्या, घरेलू हिंसा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। दूसरी ओर डॉ. रीना के पत्र की जांच भी चल रही है।
मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज में घर के पोर्च में रीना इस तरह से नीचे गिरते दिख रही हैं, जैसे किसी ने उठाकर फेंक दिया हो या धकेला हो। एक अन्य फुटेज में डॉ. आलोक शराब के नशे में पत्नी रीना के साथ झगड़ा करते दिख रहे हैं। फुटेज से मिले सुराग के बाद रीना सिंह के पिता की तहरीर पर पति डॉ. आलोक, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पिता ने डॉ. आलोक पर किसी अन्य युवती से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए बेटी को प्रताड़ित करने की बात कही है। डॉ. आलोक के बहनोई आईएएस अधिकारी एमपी सिंह पर भी धमकी देने का आरोप लगा है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।