सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों को पट्टे पर मिलेगी साढ़े सात बीघा जमीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली के उभ्भा गांव में आदर्श कृषि सहकारी समिति की भूमि को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में मारे गए लोगों के आश्रितों और घायलों को पट्टे पर भूमि देने की कवायद तेज हो गई है। हर एक पीड़ित को ग्राम सभा की खाली पड़ी जमीन साढ़े सात-सात बीघा पट्टे पर मिलेगी।
इनके अलावा भूमिहीनों को भी सरकारी भूमि की उपलब्धता के अनुसार पट्टा दिया जाएगा। ग्राम पंचायत की खुली बैठक में भूमि को पट्टे पर देने का प्रस्ताव पास हो गया है। घोरावल तहसील प्रशासन चयनित पट्टेधारकों को अधिकार पत्र देने की कार्यवाही में जुटा है।
ये भी पढ़ें : जौनपुर : गर्भवती हुई दुष्कर्म पीड़िता ने कोर्ट से डीएनए टेस्ट कराने की मांग की
गौरतलब हो कि 17 जुलाई को उभ्भा में आदर्श सहकारी कृषि समिति की भूमि को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। प्रधान पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडे और बंदूक से दूसरे पक्ष के 11 लोगों की हत्या कर दी थी। जबकि दो दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ग्र्राम प्रधान यज्ञदत्त समेत 50 से अधिक लोगों को हत्या समेत अन्य धाराओं में चालान कर चुकी है। जबकि अभी कई आरोपी फरार चल रहे हैं।
घटना की जांच एसआईटी कर रही है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश पर जिला प्रशासन ने उभ्भा के भूमिहीनों, मृतकों के आश्रितों एवं घायलों को ग्राम सभा की भूमि पर पट्टे पर देने की कार्यवाही में युद्धस्तर पर जुटा है। इस संबंध में घोरावल एसडीएम प्रकाश चंद्र ने बताया कि 11 मृतकों के आश्रितों एवं 23 घायलों को साढ़े सात-सात बीघे भूमि पट्टे पर दी जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुंशी प्रेमचंद का गांव ‘अक्षर’ से बनेगा साक्षर, 13 साल के शिक्षक बुजुर्ग महिलाओं को सिखाएंगे क-ख-ग
इनके अलावा 37 भूमिहीनों को भी पट्टे पर जमीन देने की कार्यवाही जारी है। भूमिहीनों को जमीन की उपलब्धता के अनुसार जमीन पट्टे पर मुहैया कराई जाएगी। ग्राम सभा की खुली बैठक में पट्टे पर जमीन देने का प्रस्ताव पास हो गया है। चयनित लाभार्थियों को उनका अधिकार पत्र देने की कार्यवाही जारी है।
जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि उभ्भा गांव में ग्राम समाज की उपलब्धता के अनुसार समस्त भूमिहीनों को पट्टे पर जमीन देने की कार्यवाही प्रचलित है। समिति की भूमि विवाद में मारे गए लोगों के आश्रितों व घायलों को साढ़े-साढ़े सात बीघे भूमि देने की कार्यवाही अंतिम दौर में पहुंच गई है।