ढेलवरिया में पान दूकानदार की हत्या
ढेलवरिया निवासी कन्हैयालाल सेठ के पांच बेटों में सबसे छोटा कल्लू पहले आर्केस्ट्रा में काम करता था। हाल में ही उसने पहड़िया क्षेत्र में पान की दूकान खोली थी। मंगलवार को वह दूकान के लिए घर से निकला तो वापस नहीं लौटा। घरवालों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं लगा। इसी बीच बुधवार की दोपहर ढेलवरिया क्षेत्र में हल्ला हुआ कि वरुणा किनारे मीरा घाट पर एक गड्ढे में खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा हुआ है।
कल्लू के घर वाले भी मौके पर पहुंचे तो उनके पैरोें तले जमीन खिसक गई। कल्लू की गर्दन को धारदार हथियार से रेता गया था और उसकी ठुड्डी पर गहरी चोट थी। कल्लू के शव के समीप ही चाइनीज मंझा भी पड़ा हुआ था। घरवालों ने आरोप लगाया कि कल्लू की गला रेत कर हत्या की गई है। जैतपुरा इंस्पेक्टर ने बताया कि शुरुआती छानबीन में आशनाई की बात सामने आ रही है। इससे जुड़े विवाद सहित अन्य बिंदुओें के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है।