उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश को गोली लग गई, वहीं एक हेड कांस्टेबल को भी गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं बदमाश के दो साथी मौके से फरार हो गए।
जिले के मछली शहर कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर के पास शुक्रवार रात में पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़ के बीच पिकअप गैंग के एक बदमाश को गोली लगी। उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बदमाशों की गोली से मछली शहर में तैनात हेड कांस्टेबल उमेश के भी हाथ में गोली लगी है। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोली से घायल बदमाश रवींद्र वर्मा खुटहन थाना क्षेत्र के मखदुमपुर का निवासी है, उसके खिलाफ जौनपुर और आसपास के जिलों के थानों में भी 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। मछली शहर कोतवाली पुलिस, बक्सा थाने के पुलिस और स्वाट टीम रात में मछली शहर बंधवा मार्ग पर मौजूद थे।
बैंक लूट के मामले में पुलिस बदमाशों की छानबीन में लगी थी। तभी सूचना मिली कि ताजुद्दीनपुर के पास पिकअप गैंग के बदमाश ईंट-पत्थर चलाते हुए भैंस लाद रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश पिकअप लेकर भागने लगे। उसके बाद कुंवरपुर के पास पुलिस ने घेर लिया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में थाने के हेड कांस्टेबल उमेश के हाथ में गोली लगी और पुलिस की गोली से बदमाश रविंद्र वर्मा घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। बदमाशों के पास से बरामद पिकअप अंबेडकर नगर जिले से चोरी की गई बताई जा रही है।