एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरेंः 10 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, हादसे में दंपती घायल; हालत गंभीर
Varanasi Top News: वाराणसी में मंगलवार को अपराध की खबरों के साथ छोटे-बड़े कई कार्यक्रम भी हुए। रिंग रोड के पास से पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10 किलो गांजा, एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। वहीं, संपत्ति को लेकर चार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
वाराणसी में मंगलवार को अपराध की खबरों के साथ छोटे-बड़े कई कार्यक्रम भी हुए। रिंग रोड के पास से पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10 किलो गांजा, एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। वहीं, संपत्ति को लेकर चार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
10 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
वाराणसी के नागेपुर स्थित रिंग रोड के अंडरपास के पास से दो युवकों को 10 किलो 600 ग्राम गांजा, एक तमंचा और एक कारतूस के साथ मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान बेनीपुर गांव निवासी लवकुश पटेल और जितेंद्र पटेल के रूप में हुई है।
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दंपती जिला अस्पताल रेफर
रिंग रोड फेज वन पर संदहां गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान जंसा थाना के भतसार निवासी कवि और उसकी पत्नी संगीता के रूप में हुई। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
संपत्ति के लिए मां-बाप को पीटने वाले बेटे सहित चार पर केस
सुसुवाही गैस गोदाम के पास रहने वाली शकुंतला देवी और उनके पति नारायण के साथ उनका बेटा अरविंद और उसकी पत्नी मोनी मारपीट करते हैं। दंपती का आरोप है कि बेटा-बहू जायदाद नाम करने के लिए दबाव बनाते हैं। इनकार करने पर बेटा-बहू अपने साथियों के साथ मिलकर पिटाई करते हैं। शकुंतला देवी की शिकायत पर अरविंद, मोनी और साथी उमेश सिंह व बुल्ली विश्वकर्मा के खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चाचा दीजिए स्टार्ट कर दें... कह कर बाइक ले भागा
गौर मधुकरशाहपुर गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में बाइक स्टार्ट कर रहे व्यक्ति से एक युवक ने कहा कि दीजिए चाचा हम मदद कर दें। फिर बाइक स्टार्ट होने पर उसे लेकर भाग गया। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौर मधुकरशाहपुर गांव निवासी रामसूरत उर्फ पखंडी बिंद की बेटी की विदाई के समय दरवाजे पर खड़ी बाइक को पड़ोसी ने मिर्जामुराद बाजार जाने के लिए मांगा। उन्होंने किक मारा, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इस पर पास में ही खड़े एक युवक ने कहा कि चाचा दीजिए, बाइक हम स्टार्ट कर दें। युवक ने कई बार किक मारी तो बाइक स्टार्ट हो गई।
इसके बाद उसने कहा कि इसे थोड़ा रवा करना होगा और बाइक लेकर निकल गया। काफी देरी के बाद भी युवक बाइक लेकर नहीं आया तो पखंडी बिंद ने खोजबीन शुरू कराई। मगर, युवक और बाइक का पता नहीं लगा। पखंडी ने बताया कि बाइक गांव के ही राजकुमार की थी। बेटी के ब्याह में भागदौड़ के लिए वह राजकुमार से बाइक मांग कर अपने घर लाया था।
ऑटो चालक की हत्या में चार हिरासत में लिए गए
मच्छरहट्टा निवासी ऑटो चालक आदर्श मिश्रा की हत्या में चंदौली जिले की चकिया थाने की पुलिस ने मंगलवार को रामनगर और पड़ाव से चार युवकों को हिरासत में लिया। चारों को चकिया थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। आदर्श की हत्या की वजह प्रथमदृष्टया प्रेमप्रसंग का विवाद बताया जा रहा है।
आदर्श का शव गत रविवार को चकिया क्षेत्र में मिला था। इस संबंध में चंदौली जिले की पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना की गुत्थी सुलझ जाएगी।
महिला पुलिसकर्मी और अफसर होंगी सम्मानित
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने वाली महिला पुलिसकर्मी सम्मानित की जाएंगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा घेरा से लेकर कार्यक्रम स्थल के अंत तक कोई भी पुरुष पुलिसकर्मी नहीं तैनात था। महिला पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था संबंधी अपेक्षाओं पर खरी उतरीं। कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटीरत महिला पुलिसकर्मियों के कठिन परिश्रम के लिए उन्हें नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि एडीसीपी महिला अपराध ममता रानी चौधरी, एसीपी चेतगंज नीतू, एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक, प्रशिक्षु डिप्टी एसपी चंचल त्यागी और अपर नगर मजिस्ट्रेट शिवानी का नेतृत्व सराहनीय रहा। इन सभी राजपत्रित महिला अधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
विवाहिता की विदाई को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोग भिड़े, 12 घायल
वाराणसी के छितौनी गांव में मंगलवार दोपहर विवाहिता की विदाई को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के 12 लोग भिड़ गए। इस दौरान मारपीट में 12 लोग घायल हुए हैं। लोहता थाने की पुलिस ने मेडिकल मुआयना कराकर दोनों पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया है।
लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा गांव के नूर मोहम्मद अपनी बहन की शादी छितौनी गांव में की है। मंगलवार दोपहर बहन की विदाई कराने गए तो ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडा चलने लगा।
एक पक्ष से नूर मोहम्मद, दिल मोहम्मद, अली अहमद, सरफराज अहमद, अली हसन, साहिल और आरिफ घायल हो गए। दूसरे पक्ष से समसुनिशा, छेदी, गुलाम नवी, अनवर अली और असगर अली घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया है।
युवती को धमकाने के लिए पिस्टल लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार
वाराणसी के कोतवाली थाने की पुलिस ने कालभैरव मंदिर के पास से दो युवकों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों की पहचान प्रयागराज के फूलपुर निवासी आशीष सिंह और रौनक सिंह के रूप में हुई। दोनों युवक पिस्टल प्रयागराज से लेकर आए थे।
पुलिस को बताया कि बनारस में रहने वाली एक युवती से उनकी बात होती थी। कुछ दिनों से वह बात नहीं कर रही थी। इसलिए वह पिस्टल लेकर उसे धमकाने आए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों युवकों को जेल भेज दिया।
ज्ञानवापी से संबंधित पर्यावरणविद के वाद की सुनवाई टली
सिविल जज सीनियर डिविजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत में मंगलवार को ज्ञानवापी से संबंधित एक मामले की सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई दस जुलाई को होगी। पर्यावरणविद प्रभु नारायण की ओर से कोर्ट में वाद दाखिल किया गया था। कहा था कि ज्ञानवापी परिसर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
मां शृंगार गौरी, भगवान गणेश व हनुमान समेत दृश्य व अदृश्य देवी-देवताओं का नियमित दर्शन-पूजन करने दिया जाए। सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए मस्जिद को हटाकर मंदिर बनाने दिया जाए। मामले में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से दाखिल पोषणीयता संबंधित अर्जी पर सुनवाई लंबित है।
मसाजिद कमेटी की रिवीजन अर्जी पर सुनवाई टली
सिविल जज सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट के आदेश के खिलाफ अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में लंबित रिवीजन अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई टल गई। अब 31 मई को सुनवाई होगी। ज्ञानवापी परिसर हिंदुओं को सौंपने, शिवलिंग जैसी आकृति की पूजा का अधिकार और मुस्लिमों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग करते हुए किरन सिंह ने वाद दायर किया था।
अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की तरफ से वाद की पोषणीयता को चुनौती दी गई थी। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद सिविल जज ने 17 नवंबर 2022 को वाद को सुनवाई योग्य पाते हुए कमेटी की आपत्ति खारिज कर दी थी। मसाजिद कमेटी ने इस आदेश को चुनौती देते हुए जिला जज की अदालत में रिवीजन अर्जी दायर की है।
कोली शेट्टी शिव कुमार की जमानत अर्जी खारिज
जिला जज संजीव पांडेय की कोर्ट ने मंगलवार को लोकसभा के प्रस्तावक के रूप में फर्जी हस्ताक्षर कर नामांकन दाखिल करने के आरोपी युग तुलसी पार्टी के प्रत्याशी कोली शेट्टी शिव कुमार की अंतरिम अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। इस पर सुनवाई के लिए 24 मई की तिथि नियत की है।
इंडिगो के विमान में बिना बोर्डिंग पास के चढ़ा यात्री
मुंबई से वाराणसी पहुंची इंडिगो के विमान में मंगलवार की सुबह अजब-गजब मामला सामने आया। मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल से रनवे तक पहुंचे विमान में क्रू मेंबर को लगा कि एक यात्री अधिक सवार है तो उसे दोबारा टर्मिनल तक जाकर विमान ने छोड़ा। इसके बाद विमान ने यात्रियों को लेकर उड़ान भरी।
इस घटना के चलते विमान के यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे तक विमान यात्रियों ने इसकी शिकायत इंडिगो की वेबसाइट और एक्स पर जाकर की है। कई यात्रियों ने चुटकी भी ली है। मुंबई से वाराणसी की यात्रा करने वाले यात्रियों के अनुसार एक यात्री अपना बोर्डिंग पास लेकर इंडिगो के विमान 6ई 6543 में सवार हुआ। तय सीट पर पहुंचा तो वहां पहले से यात्री बैठा हुआ था।
टर्मिनल से विमान छूटकर रनवे पर पहुंचने वाला ही था कि क्रू मेंबर ने यात्री को अपनी सीट पर बैठने का आग्रह किया। इस पर यात्री ने कहा कि कैसे बैठे, यहां तो कोई और यात्री बैठा है। इस बीच मामला सामने आते ही क्रू मेंबरों में हलचल मच गई। आनन-फानन में तुरंत विमान को दोबारा टर्मिनल पर लाया गया।
उक्त दूसरे यात्री को उतारने के बाद विमान ने सुबह 8.41 बजे मुंबई से उड़ान भरी और सुबह 10.30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। वहीं, इंडिगो विमान कंपनी ने इस असुविधा पर खेद जताया है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने इस तरह की किसी भी जानकारी या शिकायत पर अनभिज्ञता जाहिर की है।
चुनाव प्रशिक्षण से गैरहाजिर 36 कर्मचारियों पर होगा केस
लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मतदान कर्मियों को दूसरा प्रशिक्षण मंगलवार को यूपी कॉलेज में दिया गया। पहली पाली सुबह 10 से 1 और दूसरी पाली 2 से 5 बजे तक चली। 1000 पोलिंग पार्टियों के कुल 4000 कार्मिकों ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में 36 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर के लिए चुनाव आयोग को पत्र भेजा है। साथ ही अनुपस्थित कार्मिकों का आज का वेतन रोकने के लिए विभागाध्यक्षों को पत्र भेजा।
गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी की जमानत अर्जी मंजूर
अपर जिला जज नवम् विनोद कुमार-VI की अदालत ने गांजा के साथ गिरफ्तार गाजीपुर के सिधरा, सैदपुर निवासी चंदन राजभर की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। अदालत ने 75 हजार रुपये का पर्सनल बांड और समान धनराशि के दो जमानतदार प्रस्तुत करने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अधिवक्ता ने बताया कि चंदन परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य है। रोजगार की तलाश में वह बस से गाजीपुर से वाराणसी आया था। बस से उतरने के बाद आशापुर बस स्टॉप के पास चाय पी रहा था। चाय की दुकान पर राजनीतिक चर्चा हो रही थी। चंदन ने भी चर्चा में शामिल होकर अपनी बात रखी। इस पर वहां मौजूद एक व्यक्ति को उसकी बातें नागवार प्रतीत हुई और वह चंदन से उलझ पड़ा।
सादे कपड़े में वह व्यक्ति पुलिसकर्मी था। उसने साथी पुलिस वालों को फोन कर बुला लिया। पुलिस वालों ने गांजा की गलत बरामदगी दिखाकर उसे जिला कारागार भेज दिया। किसी स्वतंत्र साक्षी को पुलिस ने गवाह नहीं बनाया।
बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ छेड़खानी, तीन पर केस
बास्केटबॉल की राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी के साथ छेड़खानी और धमकाने के आरोप में इमलाक कॉलोनी, नदेसर निवासी एक युवक समेत तीन के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर कैंट थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी, अर्दली बाजार की पीड़िता का आरोप है कि रास्ते से आने-जाने के दौरान हर्षित सिंह आए दिन छेड़खानी करता था। 27 मार्च की शाम सात बजे अनंता कॉलोनी में मौसी के घर से वापस लौटते समय मिंट हाउस के पास राहुल और फरदीन के साथ पहले से मौजूद हर्षित ने हाथ पकड़कर छेड़खानी की।
शोर मचाने पर लोगों को आते देख तीनों जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कैंट थाने में शिकायत दी गई, लेकिन न मुकदमा लिखा गया और न कोई कार्रवाई हुई। इस पर पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई।
मायके में रह रही पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट से छेड़छाड़, दुष्प्रचार
वाराणसी के बादशाह बाग कॉलोनी की सुवर्णा अग्रवाल की तहरीर पर सिगरा थाने में पति कानपुर के स्वरूप नगर निवासी नितिश अग्रवाल के खिलाफ धमकाने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर सिगरा राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।
सुवर्णा ने पुलिस को बताया कि नितिश के साथ उनका विवाह 30 मई 2021 को हुआ था। ससुराल वालों ने इतना प्रताड़ित किया कि उनका गर्भपात हो गया। सात फरवरी 2024 को वह अपनी ससुराल से पुलिस के संरक्षण में निकलीं। स्वरूप नगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और वह अपने मायके आ गईं।
इसके बाद पति नितिश ने उनके इंस्टाग्राम अकाउंट में छेड़छाड़ कर उसे अपने फेसबुक अकाउंट से जोड़ दिया। उनके जितने फॉलोअर थे, उन्हें हटा दिया। उनकी पोस्ट डिलीट कर उनके अपमानजनक फोटो पोस्ट की। इस बीच 13 बार उनका पासवर्ड चेंज करने का ई-मेल उन्हें मिला।
नितिश उनके परिवार वाले ग्रुप पर अपमानजनक बातें लिखकर पोस्ट करता है। साथ ही 90 लाख नकदी व अन्य सामान की चोरी का आरोप लगाया। फेसबुक, व्हाटस एप और इंस्टाग्राम पर दुष्प्रचार से वह सदमे में चली गई हैं।
वादी को वाद खर्च और कूलर की कीमत देने का आदेश
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह, सदस्य सुरेंद्र कुमार और सुमन दूबे ने अतुल सेल्स को सात हजार रुपये कूलर की कीमत और वाद खर्च वादी को देने का आदेश दिया है। मीरापुर बसही के अमर बहादुर सिंह ने अतुल सेल्स से एक कूलर खरीदा था। जो कि कुछ दिन बाद ही खराब हो गया। अमर ने कूलर बदलने को कहा तो अतुल सेल्स ने इंकार कर दिया। जिसके बाद अमर ने उपभोक्ता फोरम में वाद दाखिल किया।
बार में बिल में छूट को लेकर कहासुनी, कांच की बोतल और कुर्सी से हमला
वाराणसी के मोहिनीकुंज, महमूरगंज स्थित एक बार में बिल में छूट को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। आरोप है कि बार संचालक और उसके भाई पर कांच की बोतल और कुर्सी से हमला किया गया। सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यश कपूर ने पुलिस को बताया कि 19 मई की रात वह भाई पुष्प कपूर के साथ बार में थे। सप्तसागर, मैदागिन का रहने वाला यथार्थ चौरसिया अपने साथियों के साथ बार में पार्टी कर रहा था। यथार्थ ने बिल में छूट को लेकर वादविवाद शुरू करते हुए गालीगलौज की।
थोड़ी ही देर बाद फोन कर यथार्थ ने अपने कुछ और साथियों को बुलाया। फिर, कांच की बोतल और कुर्सी से हमला किया। उसी दौरान यथार्थ चौरसिया का भाई आकाश चौरसिया भी आ गया और गालीगलौज की। आकाश ने कहा कि पिता से कह देना कि अगर पुलिस को सूचना दी तो परिवार के लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर देंगे। इंस्पेक्टर सिगरा राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक ने मुख्यालय का किया निरीक्षण
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रविवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय पर सुविधाओें का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले स्टेशन के डाउन हम्प यार्ड में टॉवर और सिस्टम की कार्य प्रक्रिया को परखा। इसके बाद रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि के लिए बनाए गए आरआरआई सिस्टम और इसके नवनिर्मित भवन की कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर अधिकारियों संग बैठक भी की। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता सहित अन्य रेल अधिकारी मौजूद रहे।
इग्नू के सभी कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से जुलाई-2024 सत्र के सभी कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो विद्यार्थी जनवरी सत्र में नामांकन लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें दूरस्थ माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिला है।
इग्नू की ओर से लगभग 295 पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें 44 पाठ्यक्रम ऑनलाइन मोड में उपलब्ध हैं। इसमें स्नातक (कला व विज्ञान), स्नातकोत्तर (कला व विज्ञान), सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। छात्रों को ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म भरने के लिए https://ignouadmission.samarth.edu.in/ पोर्टल पर लॉगइन कर 30 जून तक पंजीकरण कराना होगा।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, वाराणसी की ओर से लगभग 110 कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका विवरण क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी की वेबसाइट (http://rcvaranasi.ignou.ac.in/ पर भी उपलब्ध है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों के 32 अध्ययन केंद्र संचालित होते हैं।
इग्नू में रोजगार परक कार्यक्रम
इग्नू की ओर से रोजगारपरक कार्यक्रमों में एमबीए, बैचलर इन लाइब्रेरी साइंस, मास्टर इन लाइब्रेरी साइंस, पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातकोत्तर डिग्री और डिप्लोमा, पत्रकारिता एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर डिग्री, पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया में स्नातकोत्तर डिग्री व आहार विज्ञान और खाद्य सेवा प्रबंधन में एमएससी आहार विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री जैसे कार्यक्रम में सीधे नामांकन लिया जा सकता है।
वहीं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए बीए, बीकॉम और बीएससी (जनरल) कार्यक्रमों में जुलाई सत्र में निशुल्क नामांकन ऑनलाइन दिये जाएंगे। अन्य कार्यक्रमों में नामांकन के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।
गंगातट पर अवतरित हुए भगवान नृसिंह, हिरण्यकश्यप का किया वध, इस दिन होगी राज्याभिषेक की लीला
नृसिंह जयंती पर लीलाओं में उनकी जीवंत झांकी सजाई गई। भगवान विष्णु का नृसिंह अवतार हुआ और वह हिरण्यकश्यप का वध कर उसके अत्याचार का अंत कर आतंक पर विजय का संदेश दिया। प्रह्लाद घाट एवं नृसिंह चबूतरे पर हुई लीला में लीलाप्रेमियों की भीड़ उमड़ी रही।
नृसिंह लीला समिति के पांच दिवसीय लीला के चौथे दिन मंगलवार को प्रह्लाद घाट पर भगवान नृसिंह के अवतार और हिरण्यकश्यप वध की लीला हुई। नृसिंह मंदिर व प्रह्लादेश्वर महादेव में पूजन के बाद लीला शुरू हुई। लीला में भक्त प्रह्लाद के भगवान विष्णु के नाम जपने से क्रोधित हिरण्यकश्यप ने बेटे प्रह्लाद को खंभे में बांध दिया। कहा, बोल तेरे भगवान कहां हैं। प्रह्लाद ने कहा कि हर जगह हैं।
हिरण्यकश्यप ने कहा कि क्या खंभे में भी हैं? कहा, हां। फिर वह खंभे पर तलवार चलाया तो तेज गर्जना के साथ भगवान विष्णु का नृसिंह अवतार हुआ। उन्होंने हिरण्यकश्यप का वध किया और भक्त प्रह्लाद को गोद में लेकर दुलारे। आरती के बाद लीला समाप्त हुई।
नवांकुरों को तराशकर बना रहे कला साधक
नागरी नाटक मंडली में एक माह तक चलने वाले नाट्य कार्यशाला में मंगलवार को नवांकुरों को संगीत की बारीकियों से रूबरू कराया गया। प्रशिक्षकों की ओर से उन्हें गायन, वादन, नृत्य और अभिनय की विधा से परिचित कराया गया अभिनय के क्षेत्र में नए अवसरों के बारे में बताया।
नागरी नाटक मंडली न्यास के सचिव डॉ. अजित सैगल ने बताया कि इसमें छोटे- बड़े सभी को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सुबह बच्चों को और शाम को बड़ों को नाटक और संगीत की विधाएं सिखाई जा रही हैं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय वाराणसी शाखा के निदेशक प्रशिक्षण दे रहे हैं। जून के अंत में सभी नवांकुर नाट्य मंचन में अपनी प्रस्तुति देंगे।
हर बूथ पर होंगे सपा के दस यूथ
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की बैठक सिगरा में हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. दिलशाद अहमद ने कहा कि हर बूथ पर सपा के दस यूथ होंगे। संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए विधानसभा स्तर पर तैयारी की गई है। सभी को हिदायत दी गई है कि सपा की कल्याणकारी नीतियों को जनता के बीच ले जाएं। जनता के सुख दुख में शामिल हो। बैठक में गुफरान, नईम अंसारी, गुलजार अली आदि मौजूद रहे।
काशी विद्यापीठ में पार्टी-कार्यक्रम पर रोक
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता के पालन में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में किसी भी तरह के कार्यक्रम या पार्टियों आदि पर रोक लगा दी गई है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. अमिता सिंह ने कहा कि काशी विद्यापीठ में आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जा रहा है। यदि कोई भी छात्र-छात्रा या कर्मचारी विश्वविद्यालय के अंदर या बाहर पार्टी करते हैं तो उसकी पूरी जिम्मेदारी आयोजक और छात्र-छात्राओं की होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं होगी।
टेनिस में दमखम दिखाएंगे आयुष्मान
ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) की ओर से राज्य स्तरीय टेनिस प्रतियोगिता लखनऊ में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी के टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक दमखम दिखाएंगे। कोच बृजभूषण यादव ने बताया कि यह प्रतियोगिता 3 से 7 जून तक खेली जाएगी। 182वीं रैंक पर खेल रहे आयुष्मान को बेहतर रैंक होने की वजह से मुख्य मुकाबले में खेलने के लिए जगह मिली है।
महिलाओं ने निकाली मतदान जागरूकता रैली
नई सुबह एक उम्मीद संस्था के बैनर तले महिलाओं ने सराय सुरजन के हरिजन बस्ती में मतदान जागरूकता रैली निकाली। पहले मतदान फिर जलपान, नर हो या नारी मतदान है सबकी जिम्मेदारी, सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, चुनाव नहीं मतदान करें नए भारत का निर्माण करें, वोट डालने बूथ पर जाएं लोकतंत्र का पर्व मनाएं आदि नारे लगाते हुए महिलाएं रैली निकालकर चल रही थी। रैली में किरन, हीरामनी, समिता, यासमीन आदि शामिल रहीं।
सेंट्रल जेल में बने पुस्तकालय का उद्घाटन
वाराणसी के शिवपुर स्थित सेंट्रल जेल में मंगलवार को पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ज्ञानवर्धक पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा ने बताया कि पुस्तकालय में पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन से संबंधित व उनकी रचित अनेक पुस्तकों का संग्रह है।
गायत्री परिवार की ओर से पुस्तकालय के बाबत पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के कृत्यों पर प्रकाश डाला गया। इस मौके पर डॉ. अभिषेक सिंह, जेलर सूबेदार यादव, अखिलेश मिश्र, अमित कुमार वर्मा व डिप्टी जेलर अशोक कुमार राय मौजूद रहे।
100 किसानों को बोआई का प्रशिक्षण देंगे वैज्ञानिक
चंदौली के धानापुर ब्लाॅक के खड़ान गांव में किसान गोष्ठी और प्रशिक्षण का आयोजन 23 मई को सुबह 10 बजे से होगा। किसानों के लिए कार्यरत संगठन फार्ड फाउंडेशन और अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में शिवनंदन फार्मर प्रोड्यूसर्स कंपनी की गोष्ठी में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के कुलाधिपति डॉ. पंजाब सिंह सहित अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के कृषि वैज्ञानिक किसानों को धान की सीधी बोआई का प्रशिक्षण देंगे। इस मौके पर धान की रोपाई की उन्नत मशीन भी प्रदर्शित की जाएगी। कार्यक्रम मेंं 100 से अधिक किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षित करेंगे।
नाइट राइडर्स की टीम ने जीती ट्राट्रॉफी
चौबेपुर में आयोजित डालिम्स प्रीमियर लीग प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को नाइट राइडर्स और सुपरकिंग्स के बीच हुआ। इसमें नाइट राइडर्स ने सुपर किंग्स को 75 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैथी नाइट राइडर्स ने 10 ओवरों में तीन विकेट पर 108 रन बनाए। इसमें अनुज यादव ने 62 रनों की नाबाद पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरे चौबेपुर सुपरकिंग्स 33 रनों पर ऑल आउट हो गई। नाइट राइडर्स के गेंदबाज अनुराग सिंह ने पांच विकेट लिए। अनुज यादव को प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट घोषित किया गया।
लाइट एंड साउंड शो अब शाम 7 बजे से
भगवान बुद्ध के जीवन वृत्तांत पर आधारित लाइट एंड साउंड शो का समय गर्मियों को ध्यान में रखते हुए बदल दिया गया है। पहले लाइट एंड साउंड शो 6:30 शुरू होकर 7:00 खत्म होता था। अब यह शाम सात बजे शुरू होकर 7:30 बजे समाप्त होगा। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत ने बताया कि पुरातात्विक खंडहर परिसर में चलने वाले भगवान बुद्ध के जीवन वृत्तांत पर आधारित लाइट एंड साउंड शो में पर्यटकों को आधा घंटे पहले प्रवेश दिया जाएगा।
पंजाब ने इरी से पराली जलाने की समस्या पर मांगे सुझाव
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) के चांदपुर स्थित दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) में मंगलवार को पंजाब सरकार की टीम और यहां के वैज्ञानिकों ने मंथन किया। इस दौरान धान की पराली की जलाने की समस्या से निपटने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सुझाव मांगे।
पंजाब सरकार की टीम ने इरी के वैज्ञानिकों से सीआर धान 318, पीआर 126 और बीना धान 11 जैसी कम अवधि की फसल पर चर्चा की। आइसार्क निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने चावल आधारित कृषि खाद्य प्रणालियों में हाल की प्रगति के बारे में बताया। बैठक में विशेष मुख्य सचिव, पंजाब कृषि और किसान कल्याण विभाग के एपी सिन्हा, पंजाब कृषि और किसान कल्याण विभाग की आयुक्त नीलिमा, डॉ. संतबीर सिंह गोसल, श्री एस. जसवंत सिंह आदि शामिल रहे।
108 कॉलोनियों में चलेगा मतदाता जागरुकता कार्यक्रम
स्वीप योजना के तहत 108 कॉलोनियों में 23 से 28 मई तक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि भेलूपुर जोन की 41, दशाश्वमेध की 32, कोतवाली की 2, आदमपुर की 4, सारनाथ की 6 और वरुणापार जोन की 22 कॉलोनियों में कार्यक्रम चलेगा। कहा कि अधिकारियों को नामित कर रोस्टर तैयार करें। मतदान के लिए भी प्रेरित करें।
गंगा आरती कर की मोदी की जीत की कामना
नमामि गंगे संस्था के बैनर तले मातृशक्ति ने मंगलवार को गायघाट पर गंगा की आरती की। मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत की कामना की। घाट किनारे मढ़ी पर विविध रंगों से बनी आकर्षक रंगोली में मुझे मां गंगा ने बुलाया है, मां गंगा ने मुझे गोद लिया है... जैसे भावनात्मक पंक्तियां लिखीं थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्रों के साथ आरती की थाल सजाकर मां गंगा की संगीतमय आरती उतारी। इस दौरान शिवम अग्रहरि, रश्मि साहू, रेनु जायसवाल, शिवांगी पांडेय मौजूद रहीं।
इब्राहिम रईसी की याद में हुई मजलिस
ईरान के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की शहादत पर मंगलवार को प्रह्लाद घाट स्थित जौव्वादिया अरबी कॉलेज में मौलाना शमीमुल हसन रिजवी के संयोजन में मजलिस हुई। लोगों ने दुआख्वानी कर उनको श्रद्धांजलि दी। मजलिस में शायरों ने कलाम पेश किया।
मजलिस को खिताब करते हुए मौलाना हैदर अब्बास मशदी ने कहा कि इब्राहिम रईसी दिल के रईस थे। जुल्म के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले थे। इस दौरान प्रो. अजीज हैदर, प्रो. वजीर हसन, मौलाना तहजीब हसन, मौलाना जमीरूल हसन रिजवी मौजूद रहे।
बीएचयू में अंशकालीन योग सर्टिफिकेट कोर्स के लिए आवेदन शुरू
चार महीने के अंशकालीन योग सर्टिफिकेट कोर्स सत्र 2024-25 के प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बीएचयू के छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों, प्राध्यापकों और उनके परिवार-सदस्यों से आवेदन मांगे गए हैं। योग सर्टिफिकेट कोर्स में दिव्यांग अभ्यर्थी प्रवेश के योग्य नहीं होगे। इस सत्र का पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा। स्थान उपलब्ध रहने पर विश्वविद्यालय के बाहरी अभ्यर्थियों के आवेदन पर भी विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने वालों को 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। आवेदन पत्र बीएचयू स्थित लक्ष्मण दास अतिथि गृह के सामने प्रकाशन विक्रय पटल कार्यालय से 50 रुपये शुल्क में 20 मई से 10 जून तक दिए जाएंगे। पूर्ण आवेदन पत्र मालवीय भवन स्थित योग साधना केंद्र कार्यालय में 10 जून तक जमा किए जाएंगे। पहली सूची 24 जून को जारी होने की संभावना है।
उपभोक्ताओं को समय पर सही बिल दें : आशीष कुमार
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अध्यक्ष डॉ़ आशीष कुमार गोयल ने मंगलवार को वाराणसी डिस्कॉम मुख्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने समय पर सही बिल देने के साथ ही वसूली पर ध्यान देने को कहा। अधिकारियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों का समाधान करने को कहा। कहा कि देरी करने वालों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
डिस्कॉम निदेशक निदेशक शंभु कुमार की अध्यक्षता में भिखारीपुर स्थित शिव शिक्त सभागार में बैठक हुई। यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने बिजली की मांग और आपूर्ति के अंतर को कम करने और बड़े बकायेदारों से सख्ती से वसूली करने की बात कही। क्षमता वृद्धि के बावजूद हो रही कटौती पर निराशा जताई।
कहा कि फॉल्ट को तय समय में ठीक करें। डिस्कॉम निदेशक को लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को कहा। बैठक में निदेशक कार्मिक और प्रशासन आरके जैन, निदेशक तकनीक जीतेंद्र नलवाया, एके सिंघल, एसके सानोरिया और एके वर्मा मौजूद रहे।
पिता के निधन पर बेटे ने बीएचयू को दान में दिया शरीर
सुंदरपुर स्थित उपकार हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एसजे पटेल ने पिता शिवनाथ पटेल (90) के निधन के बाद उनके शरीर को आईएमएस बीएचयू के एनाटमी विभाग को दान कर दिया। शिवनाथ का निधन 21 मई को दोपहर 2 बजे हुआ। वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। डॉ. एसजे पटेल ने बताया कि पिता ने शरीर को बीएचयू में मेडिकल छात्रों के अध्ययन के उद्देश्य से दान करने की अंतिम इच्छा जताई थी।
आईएमएस बीएचयू में एनाटमी विभाग की प्रोफेसर रोयाना सिंह ने डॉ. पटेल के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को शरीर दान करने के लिए आगे आना चाहिए। विभाग की ओर से भी जागरूक किया जाता है। कहा कि अगर लोग अपने अंगों को दान करते हैं तो इससे मेडिकल छात्रों की पढ़ाई में मदद मिलती है।
लीग मैच में जेपीएस ने मैच जीतकर हासिल किए दो अंक
पूर्वोत्तर रेलवे के लहरतारा क्रिकेट मैदान में आयोजित अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को जेपीएस और डीसीए के बीच मैच खेला गया। इसमें जेपीएस ने डीसीए को हराकर दो अंक हासिल किए। बाबा अवधूत नाथ सिद्धार्थ गौतम राम सेवा न्यास की ओर से यह प्रतियोगिता कराई जा रही है।
आयोजन सचिव सरोज राय ने बताया कि प्रतियोगिता में जेपीएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 188 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए की टीम 107 रन पर आउट हो गई। अंडर-17 क्रिकेट मैच में सोनकर एकेडमी और काशी एकादश के बीच खेला गया। इसमें सोनकर एकेडमी की टीम ने काशी एकादश को 51 रन से हराया।
कैशियर की मौत के मामले में बैंक मैनेजर और अस्पताल के प्रबंधक पर केस
वाराणसी के मंडुवाडीह स्थित हनुमान मंदिर के बगल में रहने वाली मुन्नी देवी की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सेवापुरी शाखा के तत्कालीन मैनेजर अमृतेंद्र कुमार प्रभाकर और एपेक्स हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. संतोष कुमार सिंह के खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मुन्नी देवी के अनुसार, पति श्यामलाल 18 अक्तूबर 2010 को ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। रात में वह घर नहीं आए। उन्होंने बैंक मैनेजर को फोन कर पति के घर नहीं आने के बारे में पूछा। बैंक मैनेजर ने मुन्नी देवी को बताया कि श्याम लाल का एक्सीडेंट हो गया है। मुन्नी देवी बेटे और दामाद के साथ सेवापुरी गईं।
मुन्नी ने बताया कि उनके पति बैंक के सामने रोड के किनारे बेहोशी की हालत में पड़े थे। जबकि, बैंक मैनेजर तीन लोगों के साथ खड़े होकर वहां चाय पी रहे थे। बैंक के भीतर जाकर देखने पर केबिन में खून गिरा था। दुर्घटना स्थल के बारे में पूछने पर भी मैनेजर ने नहीं बताया। श्यामलाल को पत्नी परिजनों की मदद से घर ले आई। इलाज के लिए परिजन 19 अक्तूबर को उन्हें डॉक्टर के पास ले गए। वहां पर बैंक के असिस्टेंट जनरल मैनेजर टीपी भटनागर मैनेजर के साथ पहुंचे।
श्यामलाल को एपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दो दिन बाद होश आने पर श्यामलाल ने बताया कि बैंक मैनेजर और तीन अन्य लोगों ने उन्हें बैंक में बुरी तरह से मार कर अधमरा कर दिया था। इलाज के दौरान 29 अक्तूबर 2010 को श्यामलाल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। श्यामलाल की मौत के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर अस्पताल प्रशासन द्वारा सही जवाब नहीं दिया गया। मौत कैसे हुई उसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।
8 घंटे की देरी से रवाना हुई बेगमपुरा एक्सप्रेस
बेगमपुरा एक्सप्रेस का परिचालन पटरी पर नहीं लौट पा रहा है। मंगलवार को 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस जम्मू से निर्धारित समय से सवा तीन घंटे की देरी से शाम साढ़े चार बजे कैंट स्टेशन पहुंची। इससे जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस निर्धारित समय से 7 घंटे 45 मिनट की देरी से शाम सवा सात बजे कैंट स्टेशन से रवाना हुई।
रेल अधिकारियों के अनुसार जम्मू से आने वाली ट्रेन सवा तीन घंटे की देरी से पहुंची, इसलिए यहां से देर से खुली। रैक की साफ-सफाई के बाद ही ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर लिया जाता है। इस दौरान कुछ यात्रियों ने कैंट स्टेशन पर नाराजगी जताई। उधर, यात्री अमित अग्रहरि व सौरभ सिंह ने एक्स पर डीआरएम समेत अन्य रेल अधिकारियों से शिकायत की।
जनआहार कॉरिडोर हुआ चौड़ा
कैंट स्टेशन के दूसरे एफओबी के पास जनआहार कॉरिडोर को चौड़ा कर दिया गया। मंगलवार से यात्रियों की यहां से आवाजाही शुरू हो गई। चारों तरफ ग्लास लगाकर जनआहार को नया लुक दिया जा रहा है। यहां ओपन किचन सुविधा दी गई है।
11 हजार बेल व 50 किलो बेलपत्रों से किया यज्ञ
लोककल्याण के लिए श्रीराम तारक आंध्र आश्रम की शाखा काशी कैलाश भवन देवनाथपुरा में मंगलवार को 11 हजार बेल और 50 किलो बेल पत्रों से विशेष यज्ञ और हवन हुआ। इसके साथ ही श्रीकाशी तेलुगु समिति की ओर से तीन दिवसीय अनुष्ठान की पूर्णाहुति हुई। दक्षिण भारत से आए भक्तों ने यज्ञ में आहुतियां डाली।
सीवीबी सुब्रमण्यम की अध्यक्षता में मुख्य पुरोहित सम्राट बुद्ध शर्मा और श्याम राव शास्त्री के आचार्यत्व में अनुष्ठान हुआ। अंतिम दिन भाजपा के सांसद और तेलंगाना भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बंदी संजय द्वार ने भी आहुति दी। संचालन आश्रम के प्रबंध ट्रस्टी वीवी सुंदर शास्त्री ने किया। पूजन में तुलसी गजानन जोशी, रमन मूर्ति, पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी, तुलसी कमलाकांत जोशी शामिल रहे।
किडनी ट्रासप्लांट करवाने वाले युवक की सेहत में सुधार
आईएमएस बीएचयू के यूरोलॉजी विभाग में किडनी ट्रांसप्लांट करवाने वाले युवक की सेहत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों ने किडनी डोनेट करने वाली उसकी पत्नी को डिस्चार्ज कर दिया और वह घर पर है।
शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के ट्रांसप्लांट यूनिट में डॉक्टरों की टीम भर्ती युवक के सेहत की निगरानी कर रही है। यूरोलॉजी ओटी में 16 मई को रोहनिया के मड़ाव निवासी 39 वर्षीय युवक का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। युवक की 34 वर्षीय पत्नी ने अपनी किडनी दान कर उसकी जान बचाई थी।
फिलहाल डॉक्टरों ने ट्रांसप्लांट के बाद जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पत्नी को डिस्चार्ज कर दिया है, लेकिन युवक को अभी भर्ती रखने का फैसला लिया गया है। एसएसबी के ट्रांसप्लांट यूनिट में यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. समीर त्रिवेदी और नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रो. शिवेंद्र सिंह की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। युवक के भाई के अनुसार बड़े भाई को डॉक्टरों ने अभी कुछ दिन और निगरानी में रहने को कहा है। फिलहाल दोनों लोग स्वस्थ हैं।
सुब्रतो कप की तैयारी... बालिका टीम ने खेला अभ्यास मैच
कोच ने बताया कि पहली बार वाराणसी मंडल की बालिका टीम ने राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है। इसके लिए प्रशिक्षण शिविर 21 से 26 मई तक आयोजित किया गया है। 16 सदस्यीय टीम को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर शम्सी रजा, इरशाद अहमद और अवधेश कुमार प्रतिदिन चार घंटे का प्रशिक्षण देंगे। अंतिम दो दिन ये बालिकाएं अंडर-15 बालक टीम से तीन मैच भी खेलेंगी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व विकास इंटर कालेज की बालिका टीम करेगी।
मनोविज्ञान विभाग में शोध साक्षात्कार आठ जून को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में मनोविज्ञान विषय की शोध परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का शोध साक्षात्कार आठ जून को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि साक्षात्कार विभाग में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। शोध साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को शोध विषय की शोध सारांशिका की छह हार्ड कॉपी एवं अपने शैक्षणिक अभिलेख मनोविज्ञान विभाग कार्यालय में चार जून तक जमा करना है। प्रो. सिंह ने कहा कि आठ जून को साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थी को अपने शोध विषय पर पावर पॉइंट प्रजेंटेशन (पीपीटी) के साथ उपस्थित होना होगा।
दर्शन शास्त्र विभाग में स्नातक की मिड टर्म परीक्षा 28 से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शन शास्त्र विभाग में स्नातक सम सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं की मिड टर्म परीक्षा 28 मई से शुरू होंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि बीए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 28 एवं 29 मई, चतुर्थ सेमेस्टर की तीन और चार जून और छठे सेमेस्टर की पांच व छह जून को होगी। उक्त परीक्षाएं मानविकी संकाय में सुबह 11 बजे से शुरू होंगी। समय सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड है।
रोड स्वीपिंग मशीन से लगातार होगी सड़कों की सफाई
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने मंगलवार को शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। तरना फ्लाईओवर के नीचे और सेंट्रल जेल रोड पर स्ट्रीट स्वीपिंग मशीन के कार्यों को देखा। उन्होंने इसी मशीन से लगातार सड़कों की सफाई कराने की हिदायत दी ताकि धूल न उड़े।
नगर आयुक्त ने शिवपुर स्वास्थ्य केंद्र के कूड़ा घर के टूटे फूटे पिलर और फर्श की मरम्मत कराने, बोरिंग और मिस्टगन से पानी का छिड़काव कराने की जिम्मेदारी दी। निरीक्षण के दौरान यह देखने को मिला कि कूड़ा घर में कूड़े के साथ मलबा भी आ रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि सीएंडडी वेस्ट के अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी कूड़ा घरों से समन्वय बनाकर मलबा उठावाएं। इसके अलावा नगर आयुक्त ने कहा, कूड़ा घर परिसर में पौधरोपण कराएं। इनमें कदम, बोगन बौलिया आदि के पौधे लगाएं।