वाराणसी में चोरों ने एक ही रात दो घरों को बनाया निशाना, 13.5 लाख की चोरी
- सारनाथ क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी के घर साढ़े नौ लाख की नकदी व जेवर चोरी
- मिर्जामुराद क्षेत्र में प्राइवेट बैंक मैनेजर के घर से चार लाख के गहने चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जनपद में लगातार हो रही चोरी और चेन छीनने की घटनाओं से क्षेत्र की जनता में भय व्याप्त हैं। चोरों ने रविवार की रात अलग-अलग क्षेत्रों में दो घरों को निशाना बनाया। इस दौरान चोर 13.5 लाख की नकदी समेत आभूषण लेकर फरार हो गए।
सारनाथ क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी के घर साढ़े नौ लाख की नकदी व जेवर पर चोरों ने हाथ साफ किए तो वहीं मिर्जामुराद क्षेत्र में प्राइवेट बैंक मैनेजर के घर से चार लाख के गहने चोरी कर फरार हो गए। चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस सूचना के बाद सिर्फ मौका मुआयना के लिए ही पहुंचती है।
बेटी की तिलक के लिए जुटाए थे पैसे और गहने
पहली घटना सारनाथ के खजुहीं निवासी रिटायर्ड फौजी के घर की है। रविवार रात घर में घुसकर चोरों ने नकदी और लाखों के जेवर चुरा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही। सारनाथ थाना अंतर्गत खजुहीं निवासी विनोद कुमार पांडेय आर्मी से हवलदार पद से सेवानिवृत हैं। नवंबर माह में अपनी बेटी शिल्पा पांडेय की तिलक के लिए रिश्तेदारों और सहयोगियों से पैसे इकट्ठा कर घर में रखे थे।
रात में चोर सीढ़ी लगाकर उनके मकान के दूसरे तल पर चढ़े और कमरे में सो रहे सुनील व उनकी पत्नी के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद सुनील के कमरे के सामने वाले कमरे में घुसकर अलमारी के लॉकर को तोड़कर साढ़े चार लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए।
सुनील ने बताया कि रात 12 बजे तक हम सभी लोग जग रहे थे। उसके बाद सभी अपने-अपने कमरे में चले गए। तीन बजे के लगभग नींद खुली और लघुशंका के लिए उठे तो दरवाजा बाहर से बंद था। इस पर नीचे सो रही मां सरोजा पांडेय को फोन कर ऊपर बुलाकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही हम दोनों की निगाह सामने खुले कमरे पर पड़ी तो हमारे होश उड़ गए।
प्राइवेट बैंक मैनेजर के घर से लाखों के जेवर चोरी
दूसरी घटना मिर्जामुराद क्षेत्र के अषाढ़ गांव में की है। रविवार की रात चोर बांस के सहारे छत पर चढ़कर एक प्राइवेट बैंक के मैनेजर विनोद पांडेय के मकान में प्रवेश किए। यहां सो रहे लागों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद करने के बाद एक कमरे में रखी आलमारी से सोने का एक हार, एक चेन और दो अंगूठी चुरा ले गए। वहीं, कपड़ों से भरी अटैची को चोरों ने समीप के एक ट्यूबवेल के पास फेंक दिया।
सोमवार की सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने फेंकी हुई अटैची को देखा तो पता लगा कि विनोद के घर में चोरी हुई है। विनोद वाराणसी स्थित प्राइवेट बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और मीरापुर बसही में किराये के मकान में रहते हैं। विनोद ने चोरी हुए जेवर की कीमत चार लाख रुपये बताई। पीड़ित ने पुलिस को इसकी सूचना दी है।