Covid-19 child vaccination : 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण शुरू, बनारस में बनाए गए 78 केंद्र, ऑन द स्पॉट बुकिंग की सुविधा
कोरोना से जंग का नया अध्याय सोमवार से शुरू हुआ। 15 से 18 साल तक के किशोरों के टीकाकरण के लिए वाराणसी में शहरी और ग्रामीण इलाकों में 78 केंद्र बनाए गए हैं।
विस्तार
15 से 18 साल तक के किशोरों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। वाराणसी में टीकाकरण के लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में 78 केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए शनिवार रात आठ बजे से ही कोविन पोर्टल पर पंजीकरण भी शुरू हो गया है। राहत की बात यह है कि ऑन द स्पॉट बुकिंग कराकर भी किशोरों को टीका लगवाया जा सकेगा।
टीका लगवाने के बाद बच्चों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए यहां बाल रोग विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे। जिले में 15 से 18 साल तक के किशोरों की संख्या करीब तीन लाख है और टीकाकरण केंद्रों के साथ ही स्कूलों में भी विशेष अभियान चलाकर टीका लगाने का निर्णय लिया गया है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि स्कूल खुलने पर स्कूल प्रबंधन से बातकर किशोरों को टीका लगाया जाएगा। बच्चों के लिए अलग काउंटर बनाया जाएगा।
घबराने की जरूरत नहीं
मंडलीय अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीपी गुप्ता ने कहा कि बिना किसी डर, भय के अभिभावकों को टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए। टीका लगने के बाद कुछ बच्चों में नार्मल बुखार, हरारत, हाथ में दर्द हो सकता है। यह एक-दो दिन में ठीक हो जाता है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
पढ़ेंः गिरते पारे के बीच कोहरे की घनी चादर में लिपटी काशी, जानें- अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
यह भी जानना है जरूरी
-वर्ष 2007 या इसके पहले के जन्म वाले किशोर टीकाकरण के लिए पात्र होंगे।
-15 वर्ष या उससे अधिक वालों का कोविड पोर्टल पर पंजीकरण किया जा सकेगा।
-एक मोबाइल से छह लोगों के पंजीकरण की सुविधा रहेगी।
-केंद्र पर अभिभावकों को किशोरों के साथ उनका विद्यालय का परिचय पत्र भी लाना होगा।
-टीका लगने के बाद अगर कोई दुष्प्रभाव हो तो सूचना चिकित्सकीय टीम को देनी होगी।
बच्चों के लिए हर अस्पताल में अलग से बनेगा वार्ड
बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। इसके लेवल थ्री श्रेणी में रखा गया है। यहां जरूरत पड़ने पर लेवल1 और लेवल 2 से मरीजों को रेफर किया जाएगा। जिस तरह से संभावित तीसरी लहर में बच्चों में संक्रमण की आशंका जताई जा रही है, उसको देखते हुए सभी कोविड अस्पतालों में बच्चों के लिए अलग वार्ड भी बनाया जाएगा। सीएमओ डा. संदीप चौधरी ने बताया कि बच्चों के लिए बीएचयू और दीनदयाल अस्पताल में पीआईसीयू और एनआईसीयू भी बनाया गया है। अगर कोई गंभीर बच्चा अस्पताल आता है तो उसका हर संभव बेहतर इलाज होगा।
आज और कल अस्पतालों में जांच, इलाज का पूर्वाभ्यास होगा
कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारियों को परखने के लिए सोमवार और मंगलवार को जिले में बने कोविड अस्पतालों में जांच, इलाज आदि का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होने वाले पूर्वाभ्यास के लिए सभी जगहों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। नोडल अधिकारियों को पूर्वाभ्यास के बाद उसी दिन शाम छह बजे अपनी रिपोर्ट भी जिला सर्विलांस अधिकारी के पास भेजनी है। कहा कि इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिकारी मरीजों के जांच, इलाज, नए वेरियंट को लेकर सर्विलांस गतिविधि, ऑक्सीजन प्लांट संचालन की भी समीक्षा करेंगे।
पढ़ेंः वाराणसी में कोरोना: अब हर दिन मिले रहे संक्रमित, 14 नए मरीज मिलने के बाद एक्टिव केस हुए 58