सड़क हादसे में दंपती की मौत: पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों का हंगामा, चौबेपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
आदमपुर के कज्जाकपुरा कोनिया निवासी पारस राम (55) और पत्नी भोली देवी (50) की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम की मांग को लेकर शनिवार को परिजनों के हंगामा किया।
विस्तार
वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में मोपेड सवार दपंती की मौत हो गई थी। करीब 24 घंटे से भी ज्यादा समय बीतने के बाद भी शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए नहीं भिजवाया। पुलिस की कार्यशैली से नाराज मृतक के परिजनों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। महावीर मंदिर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और चौबेपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
जाम की सूचना पर अर्दली बाजार चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर आक्रोशित शांत कराया। आदमपुर के कज्जाकपुरा कोनिया निवासी पारस राम (55) पत्नी भोली देवी (50) और 8 साल का पोता कार्तिक एक ही मोपेड पर सवार होकर रक्षाबंधन पर भोली देवी के मायके भोपापुर चोलापुर स्थित खरपतू राम के यहां गए थे।
भोली देवी अपने भाई को राखी बांधने के बाद सभी मोपेड पर सवार होकर खरगीपुर स्थित रिश्तेदार के यहां रक्षाबंधन पर जाने के लिए निकले। कटहलगंज स्थित डगरूपुर गांव के समीप जैसे ही पारस राम मोपेड से पहुंचे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आई कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पारस राम और भोली की मौत हो गई। पोता अस्पताल में भर्ती है।
पारस की बड़ी बेटी रीता ने बताया कि हादसे में माता-पिता की मौत हो गई। आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बाद बाद भी पुलिस नहीं आई। हादसे के 24 घंटे बाद भी शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया। जबकि हम लोग पोस्टमार्टम की मांग कर रहे हैं। मोपेड को टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक को भी पुलिस नहीं तलाश रही है।