वर्दी पर भ्रष्टाचार के दागः अपनी करतूतों की वजह से पहले भी चर्चा में रही हैं निलंबित महिला इंस्पेक्टर
चेतगंज थाना इलाके के पिशाच मोचन में करोड़ों की जमीन पर विपक्षी पार्टी को कब्जा कराने के आरोप में बुधवार को चेतगंज इंस्पेक्टर संध्या सिंह को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने निलंबित कर दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में करोड़ों की जमीन पर कब्जा दिलाने का प्रयास करने वाली चेतगंज से निलंबित इंस्पेक्टर संध्या सिंह की कई करतूत महकमे में चर्चा का विषय बनी है। जुलाई महीने में ही नीलगिरी इंफ्रासिटी के फ्राड के शिकार नौ अलग-अलग पीड़ितों का भी तत्कालीन इंस्पेक्टर ने एक मुकदमा दर्ज कर लिया था। जबकि इनके अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जाने चाहिए थे। कागजी क्राइम कंट्रोल के लिए इंस्पेक्टर ने मनमाने तरीके से मुकदमा लिखा था।
दरअसल, वाराणसी के थानों में तैनात कई दरोगा और इंस्पेक्टर की कार्यशैली से पुलिस महकमे किरकिरी हो चुकी है। सबसे ज्यादा विवादित मामले रोहनिया थाने में सामने आए थे। हालांकि उस वक्त अधिकारियों ने ज्यादातर मामले नजरअंदाज कर दिया था।
विभागीय सूत्र बताते हैं कि संध्या सिंह को तत्कालीन एसएसपी अमित पाठक ने रमना चौकी इंचार्ज बनाया और इंस्पेक्टर पद पदोन्नति होते ही चेतंगज थाने का प्रभार दे दिया था। इस बीच जनता की सुनवाई नहीं होने की कई शिकायतें आती गई, मगर नजरअंदाज होने से शिकायतें भी कम हो गई थी।
उधर, सूत्र बताते हैं कि अपर पुलिस कमिश्नर हेडक्वार्टर ने पिछले दिनों चेतगंज थाने का मुआयना किया तो काफी कमियां सामने आईं थी। मगर, उस वक्त महज चेतावनी देकर ही इंस्पेक्टर को छोड़ दिया गया था। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश का कहना है कि जमीन कब्जा करने की शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पत्रकार हत्याकांडः चोलापुर थाना प्रभारी निलंबित
रोहनिया के अखरी निवासी पत्रकार नारायण दत्त तिवारी की हत्या में शूटरों की गिरफ्तारी नहीं कराने और लापरवाही बरतने में चोलापुर थानेदार प्रवीण कुमार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया। हफ्ते भर पूर्व ही प्रवीण कुमार को रोहनिया से चोलापुर थाने का प्रभारी बनाया गया था।
रोहनिया के अखरी निवासी नारायन दत्त तिवारी की 6 अप्रैल 2021 की रात शुलटंकेश्वर मंदिर से घर लौटते समय बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में तीन नामजद की गिरफ्तारी हुई थी और दो आरोपियों के खिलाफ विवेचना जारी थी। वहीं दो अज्ञात शूटरों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने और इस दिशा में कोई काम नहीं करने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा ने तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर चोलापुर प्रवीण कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है।