यूपी के इस जिले में 100 के पार कोरोना वायरस मरीज, दो साल की बच्ची समेत मिले 15 पॉजिटिव
आजमगढ़ जिले में सोमवार को दो साल की बच्ची समेत 15 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक की मरने के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या जहां 109 पहुंच गई है। वहीं संक्रमण से मरने वाले की संख्या भी तीन हो गई है। जनपद में अभी भी 94 सक्रिय मरीज हैं, जबकि 12 स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण से किसी बच्ची के संक्रमित होने का जिले में पहला मामला है।
गोरखपुर लैब से सोमवार को आई रिपोर्ट में कुल 15 पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद आनन-फानन में इन मरीजों को एल-1 अस्पताल महामृत्युंजय डेंटल कॉलेज इटौरा में भेज कर आईसोलेट कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ एके मिश्रा ने बताया कि जिन 15 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें कुछ की रिपोर्ट 31 मई की रात को और कुछ की एक जून की सुबह में आई है।
इसमें एक संक्रमित कोयलसा ब्लॉक के रानीपुर में मिला है। वो 17 मई को मुंबई से आया था। तीन दिन पहले उसे अतरौलिया में क्वारंटीन कर सैंपल भेजा गया था। हरैया ब्लॉक के बेलकुंडा में एक ही परिवार के तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें पति-पत्नी और दो साल की बच्ची है। ये परिवार कुछ दिनों पहले मुंबई के धरावी से आया था।
इसके साथ ही इसी ब्लॉक के सलेमपुर में एक और पॉजिटिव मिला है। मेंहनगर ब्लॉक के बोंगरिया में 29 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। इसी ब्लॉक के तीतरा में 37 साल का व्यक्ति 22 मई को मुंबई से आया था। राधा-कृष्ण गोपाल इंटर कालेज में क्वारंटीन था। खरिहानी के पिलखुआ का 38 साल का व्यक्ति 13 मई को निजी वाहन से मुंबई से 45 लोगों के साथ आया था। लक्षण मिलने पर मेडिकल कॉलेज गया था। 19 मई को वहीं क्वारंटीन किया गया था।
जाफर में 24 साल का युवक 23 मई को मुंबई से आया था। फैसलिटी इंटर पंचायत इंटर कॉलेज गौरा मेंहनगर में क्वारंटीन था। भीटी और बोंगरिया में भी एक-एक मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। निजामाबाद के जगदीशपुर में 36 वर्षीय युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रानी का सराय के चकवारा में एक और सठियांव के पुसड़ा आईमा में एक मरीज में संक्रमण मिला हुई है।
पल्हना ब्लॉक के हैबतपुर डुभांव में ग्रेटर नोयडा से 20 मई को ट्रेन से आया युवक पॉजिटिव मिला है। इसे होम क्वारंटीन किया गया था। 26 को तबीयत खराब होने पर सैंपल लेकर आरके फार्मेसी में रखा गया था। इसके साथ ही मऊ के रानीपुर के भतड़ी गांव निवासी एक बुर्जग की मौत के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ लाए थे। यहां से सैंपल देने के बाद वापस घर लेते गए थे। वहीं इनकी मौत हो गई थी। ये लोग भी मुंबई से आए थे।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि संबंधित तहसीलों से भी रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है। इसके बाद कंटेनमेंट जोन घोषित किए जाएंगे। जिले में अब कुल 109 कोरोना पॉजिटिव मरीज हो चुके हैं। इसमें 94 एक्टिव केस हैं। 12 पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके हैं और घर भेजे जा चुके हैं तो वहीं तीन पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।