जौनपुर में 1000 पार हुई कोरोना मरीजों की संख्या, गाजीपुर में एसपी ऑफिस का कार्मचारी निकला संक्रमित
गाजीपुर जिले में एसपी कार्यालय के एक कर्मचारी समेत चार की रिपोर्ट मंगलवार को कोरोना संक्रमित आने से हड़कंप मच गया है। मेडिकल टीम ने उन्हें उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम इनके ट्रैवल हिस्ट्री को खंगालने में जुटी हुई है।
अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 599 तक पहुंच चुकी है। जबकि 369 स्वस्थ हो चुके हैं और आठ की मौत हो चुकी है। अब एक्टिव केस का आंकड़ा 221 पहुंच गया है।
कोरोना मरीजों के संपर्क में आने से मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि होती जा रही है। पिछले तीन दिनों के अंदर 132 पॉजिटिव मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ रही रफ्तार से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ती जा रही है। एसपी कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही हड़कंप मच गया है। इसके अलावा जिला अस्पताल में एक स्वास्थ्य कर्मी, जखनियां की दो संदिग्ध संक्रमित मिले।
मेडिकल टीम ने सभी संक्रमितों को सहेड़ी स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया। साथ ही सर्विलांस टीम ट्रैवल हिस्ट्री और सर्वे टीम कांटेक्ट ट्रेसिंग में जुटी हुई है, जिससे संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। इस संबंध में सीएमओ डॉ जीसी मौर्या ने बताया कि चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन्हें कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जलालपुर एसओ समेत 30 नए मरीज मिले :
जौनपुर जिले में आज कोरोना के 30 नए मरीज मिले हैं। इसमें 19 मरीज सिर्फ केराकत नगर के हैं। जलालपुर एसओ और गैर जनपद में तबादले के कारण हाल ही में हटाए गए रामपुर एसओ सहित चार पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है।
शहर के ओलंदगंज के चर्चित सराफा व्यापारी व हिंदुवादी नेता, पॉलीटेक्निक चौराहा निवासी महिला भी शामिल हैं। जिले में अब पॉजिटिव केस की संख्या 1005 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 288 हैं। 14 मरीजों की मौत हुई है।