सावधान! सर्दी जुकाम होने पर खुद न बनें डॉक्टर, अस्पताल जाकर उपचार कराएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम में आ रहे बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। जौनपुर जिला अस्पताल की ओपीडी में आने वाले 60 फीसदी मरीज इन्हीं बीमारियों से ग्रसित हैं। मौसमी बीमारी होने के कारण तमाम लोग अस्पताल जाने से परहेज कर रहे हैं। खुद ही मेडिकल स्टोर से दवाएं लेकर खा रहे हैं।
सामान्य बीमारी समझ कर खुद से इलाज की यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। कोरोना का संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है और उसके लक्षण भी ऐसे ही हैं। लिहाजा खुद को डॉक्टर बनाने की बजाय अस्पताल पहुंचकर जांच कराने और विशेषज्ञों की सलाह से दवा लेने में ही भलाई है।
आमतौर पर इस मौसम में सर्दी-खांसी, बुखार, जुकाम के मरीज तेजी से बढ़ते हैं। तीन से चार दिन के असर वाले इस वायरल बीमारी में डॉक्टर पैरासिटामाल, कालपाल, विटामिन और एंटी एलर्जी की दवाएं देते हैं। इस बार भी मौसम में बदलाव के साथ इन बीमारियों का असर तेज हो गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में आने वाले अधिकांश मरीज भी इन्हीं बीमारियों से ग्रसित हैं। बेहतर उपचार के लिए जागरूक लोग तो अस्पताल पहुंचकर दवा ले रहे हैं, लेकिन तमाम लोग ऐसे हैं जो खुद से दवाइयां ले रहे हैं। कई दिनों तक दवाइयों के सेवन से भी उन्हें राहत नहीं मिल रही, बावजूद लापरवाही बरत रहे हैं। कोरोना की पहली लहर में कई लोगों को यह लापरवाही भारी पड़ चुकी है।
कोल्ड ड्रिंक और ठंडे पेय से करें परहेज
मौसम बदल रहा है। ऐसे में कोल्ड ड्रिंक, फ्रीज का ठंडा पानी, आइसक्रीम आदि के सेवन न करें। गुनगुना पानी पिएं। सर्दी जुकाम होने पर स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। सांस लेने में दिक्कत होने पर किसी चिकित्सक को दिखाकर इलाज कराएं। कोविड की जांच कराने में जरा भी संकोच न करें।
28 केंद्रों पर हो रही जांच
जौनपुर जिले में कोविड-19 की जांच के लिए 28 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। जहां कोविड-19 की जांच हर दिन की जा रही है। जिला अस्पताल, टीबी अस्पताल, कोतवाली परिसर, रोडवेज के अलावा जिले के सभी 22 सीएचसी पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मौसम में परिवर्तन और सर्दी बढ़ने के कारण मौसमी बुखार और सर्दी खांसी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। लक्षणों के आधार पर कोल्ड, फ्लू, मौसमी एलर्जी और कोरोना वायरस के बीच का अंतर समझना मुश्किल हो रहा है। ऐसे मेें जांच कराना जरूरी है।
मौसम तेजी से बदल रहा है। सर्दी, जुकाम और बुखार की चपेट में लोग तेजी से आ रहे हैं। सर्दी जुकाम होने पर तुरंत कोविड की जांच कराएं। शहर के छह स्थानों पर और जिले के 22 सीएचसी कोविड की जांच की जा रही है। -डॉ. राकेश कुमार, सीएमओ जौनपुर।