Corona Vaccination: पीएम के संबोधन के बाद वैक्सीन की टीका लगना हुआ शुरू, पूर्वांचल बना इसका गवाह
देश के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान का आगाज शनिवार को बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। पूर्वांचल में मऊ, सोनभद्र और मऊ में भी टीकाकरण किया जा रहा है। सोनभद्र में पहले दिन जिले के चार स्थानों पर टीकाकरण की लांचिंग की गई। जहां सौ-सौ लोगों को टीका लगाया जाना है। जिला अस्पताल में जिलाधिकारी अभिषेक सिंह, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर पीबी गौतम ने पहला टीका लगवाया।
इससे पहले डीएम ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवां, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर और एनटीपीसी शक्तिनगर अस्पताल में टीकाकरण की शुरुआत हुई। जहां टीकाकरण होना है वहां ऑब्जरवेशन रूम से लेकर सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल हैं। पास में ही एक फिजीशियन सहित पांच स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भी तैनात की गई है। ताकि टीकाकरण के बाद किसी तरह की दिक्कत न होने पाए।
ऐसे शुरू हुई टीकाकरण की प्रक्रिया
जिला अस्पताल परिसर में आयुष चिकित्सालय के पास कोविड-19 टीकाकरण किया जा रहा है। यहां मुख्य गेट पर सुरक्षा की कमान संभाले पुलिस कर्मियों ने एक-एक कर सूची के अनुसार टीका लगवाने वालों को प्रवेश दिया। इसके बाद वेरिफिकेशन एरिया में सत्यापन कराया गया। वहां से अंदर प्रवेश करने पर एएनएम विद्या व सरोज कुमारी ने टीका लगाया।
टीकाकरण के बाद मिली पर्ची
जिन्हें टीका लगाया गया, उन्हें एक पर्ची भी दी गई। उस पर टीकाकरण का दिन, अगला टीका कब लगना है, नाम, पता के साथ स्थान की जानकारी लिखी है। अगली बार टीका लगवाने के लिए आते समय यही पर्ची लेकर आना है।
मऊ में टीकाकरण की शुरूआत
पीएम के संबोधन के बाद मऊ जिले में टीकाकरण की शुरूआत हो गई। सबसे पहले सीएमओ फिर पैथालाजिस्ट को टीका लगाया गया। जिले में चार केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। जिला महिला अस्पताल में सबसे पहला टीका मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीशचंद्र सिंह को लगा। वहीं जिला अस्पताल में पैथोलाजिस्ट दरोगा सिंह को लगाया गया।
बलिया जिले में टीकाकरण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पर कोविड-19 टीकाकरण का शुभारंभ उपजिलाधिकारी मोती लाल यादव ने फीता काटकर किया। जिले में 100 चिह्नित लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीसी भारती ने बताया कि 100 लोगों की सूची प्राप्त हुई है। उन्हीं का टीकाकरण किया जाएगा। जिन की सूची प्राप्त हुई है, उनको मिलान करके ही लगाया जा रहा है। पहला टीका लैब टेक्नीशियन विनय यादव को लगाया गया।