कोरोना से जंग: टीकाकरण में लापरवाही पर वाराणसी के नौ विद्यालयों को नोटिस, डीएम बोले- होगी सख्त कार्रवाई
वाराणसी में 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड टीकाकरण के लिए शुक्रवार से मेगा अभियान शुरू हुआ है। आदेश के बाद भी नौ विद्यालयों ने लापरवाही बरती। जिसपर डीएम कौशल राज शर्मा ने उन विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में किशोरों के टीकाकरण के मामले में लापरवाही बरतने पर नौ विद्यालयों को नोटिस दिया गया है। जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब भी मांगा है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि कोविड टीकाकरण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि सीएमओ से जानकारी मिली कि जिले के नौ विद्यालय टीकाकरण में सहयोग नहीं कर रहे हैं। आदेश के बाद भी निर्धारित तिथि में विद्यालय खोलकर उन्होंने टीकाकरण नहीं कराया।
इन विद्यालयों को मिली नोटिस
इस मामले में नेहरू इंटर कॉलेज रैलिरामपुर सेवापुरी, गिरजा देवी मेमोरियल चिल्ड्रेन एकेडमी सेवापुरी, चौधरी गंगा राम माध्यमिक विद्यालय जाल्हूपुर चिरईगांव, खंडेश्वरी बाबा इंटर कॉलेज चांदपुर चिरईगांव, महामाया मालती देवी इंटर कॉलेज मलहथ दबेथुआ बड़ागांव, केडी इंटरमीडिएट कॉलेज चिरईगांव, बीएसआरएन इंटर कॉलेज चिरईगांव, राजनंदन साहू इंटर कॉलेज नारायनपुर चिरईगांव, प्रेमचंद इंटरमीडिएट कॉलेज बनकट, गजापुर, सेवापुरी शामिल हैं।
पढ़ेंः 39 जीटीसी के कसम परेड ग्राउंड में 54 सैनिक हुए भारतीय सेना में शामिल, भेंट की गई खुकरी
निलंबन के साथ ही होगी विभागीय कार्यवाही
डीएम ने बताया कि कोविड टीकाकरण कार्य में लापरवाही बरतने और आदेश की अवहेलना मिलने पर उक्त विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी को निर्देश दिए गए हैं कि अपना जवाब तत्काल दें। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर निलंबन के साथ ही विभागीय कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम के अनुसार आपराधिक कार्यवाही भी होगी।
कोविड प्रमाणपत्र के बिना नहीं भर सकेंगे परीक्षा फार्म
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कोविड प्रमाणपत्र के बिना अब छात्र परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाएंगे। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र विभागाध्यक्ष या संकायाध्यक्ष के कार्यालय में परीक्षा फार्म भरने से पहले जमा करना जरूरी होगा। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
काशी विद्यापीठ प्रशासन ने विद्यार्थियों का शत प्रतिशत टीकाकरण कराने के उद्देश्य से नया फरमान जारी कर दिया है। शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार अब छात्र बिना कोविड टीकाकरण प्रमाणपत्र के परीक्षा फार्म नहीं भर सकेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि 14 जनवरी से 16 जनवरी तक 15 वर्ष से 18 वर्ष तक की आयु के विद्यार्थियों को कोविड का टीका विश्वविद्यालय के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगाया जा रहा है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों को भी इस संदर्भ में निर्देश दे दिए गए हैं कि वे अपने यहां सभी विद्यार्थियों को टीका लगवाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें।