वाराणसी: वरुणा पुल से कूदकर संविदा कर्मी ने दी जान, गंगा में डूबा बीएचयू का छात्र
वाराणसी में बुधवार सुबह एक युवक ने वरुणा पुल से कूद कर जान दे दी। तो वहीं बीएचयू का छात्र बीती रात गंगा में डूब गया। बीएचयू छात्र की तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के शिवपुर अस्पताल में तैनात संविदा कर्मी रामू (45) ने बुधवार सुबह वरुणा पुल से कूदकर खुदकुशी कर ली। वहीं मंगलवार की देर रात अस्सी घाट पर बीएचयू का छात्र प्रणव कुमार नाव में चढ़ते समय गिर कर गंगा नदी में डूब गया। बुधवार सुबह एनडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में सर्च अभियान चला रही है।
शिवपुर अस्पताल में संविदा कर्मी रामू बुधवार सुबह वरुणा पुल पर बाइक से पहुंचा। बाइक को सड़क किनारे लगाकर कुछ देर इधर-उधर टहलने के बाद अचानक वरुणा में छलांग लगा दी। उसे कूदते देख राहगीर रुक गये। पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रामू को नदी से निकाल कर कबीरचौरा अस्पताल भिजवाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है की रामू आर्थिक तंगी के कारण परेशान था। उसने कई लोगों से उधार ले रखा था जिसे वो चुका नहीं पा रहा था। वह अस्पताल परिसर में ही परिवार और बच्चों के साथ रहता था। घटना के बाद से रामू के परिवार में कोहराम मचा है।
लापरवाही के कारण गंगा में डूबा बीएचयू छात्र
बीएचयू में एमपीएमआईआर फाइनल ईयर का छात्र प्रणव कुमार भारद्वाज (25) बुधवार देर रात अस्सी घाट पर गंगा में डूब गया। बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुसुवाही में हैदराबाद गेट के समीप किराये पर कमरा लेकर रहता था। बीती रात वह अपने साथी सत्यप्रकाश के साथ अस्सी घाट पहुंचा। कुछ देर घाट पर बैठने के बाद सत्यप्रकाश और प्रवीण घाट किनारे गंगा में बंधी नाव पर चढ़ने लगे।
इस दौरान सत्यप्रकाश तो नाव पर चढ़ गया लेकन लापरवाही के कारण प्रणव का पैर फिसला और वो गंगा में गिर गया। साथी सत्यप्रकाश ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सका। सूचना पर पहुंची पुलिस एनडीआरएफ व गोताखोरों की मदद से शव की तलाश में जुट गई। शव अभी तक मिला नहीं है। पुलिस ने छात्र के परिजनों को सूचना दे दी है।
बता दें कि मंगलवार दिन में भी तुलसीघाट पर स्नान के दौरान छात्र की डूबने से मौत हो गई थी। 12वीं कक्षा का छात्र अपने दोस्तों के संग गंगा नहाने आया था। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखते ही बेसुध हो गए। मऊ के तिनहरी निवासी रविकांत त्रिपाठी का इकलौता पुत्र आयुष त्रिपाठी (18) अपने मौसी के बेटे सुधांशु और सात दोस्तों के साथ सुबह तुलसीघाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचा था। सोमवार को विंध्याचल में भी गंगा में स्नान और दर्शन पूजन किया गया था। सूचना पर परिजन भी बनारस पहुंचे और शव देखते ही मां और बहन बिलख उठी।