लखीमपुर खीरी कांड: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूछा- आरोपियों के पोस्टर कब जारी करेगी सरकार
सर्किट हाउस में शनिवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान अजय कुमार लल्लू ने कहा कि यूपी में जंगलराज है। कानून का राज समाप्त हो गया है। अपराधी बेखौफ हो घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
विस्तार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश सरकार से सवाल किया है कि वह लखीमपुर खीरी कांड के आरोपियों के पोस्टर कब जारी करेगी। छोटी-छोटी घटनाओं पर बुलडोजर चलवाने और पोस्टर लगाने वाली सरकार लखीमपुर खीरी कांड के आरोपियों को बचाने में जुटी है।
सर्किट हाउस में शनिवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान अजय कुमार लल्लू ने कहा कि यूपी में जंगलराज है। कानून का राज समाप्त हो गया है। अपराधी बेखौफ हो घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे व उनके सहयोगियों की संलिप्तता सामने आने के बाद भी सरकार उनको बचाने में जुटी हुई है।
सवाल किया कि 302 की गंभीर धारा के आरोपितों पर कार्रवाई करने की बजाय सम्मन की नोटिस जारी कर सरकार क्या दिखाना चाहती है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी करने और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की।
कहा कि लखीमपुर के किसानों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस गांव, मोहल्ले, कस्बा, बाजार व विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगी। इसकी शुरुआत काशी से होने जा रही है। किसानों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। कांफ्रेंस में नसीमुद्दीन सिद्दीकी, दीपक सिंह, अजय राय, राजेश मिश्रा व संजीव सिंह मौजूद रहे।
रोहनिया-मोहनसराय मार्ग पर आज आम वाहनों की आवाजाही पर रोक
प्रियंका गांधी की जगतपुर पीजी कालेज में आयोजित होने वाली जनसभा और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के कारण रोहनिया-मोहनसराय मार्ग पर भारी भीड़ होने की संभावना को देखते हुए रोहनिया-मोहनसराय जाने वाले मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने लोगों से अपील की है कि कल केवल विशेष वाहनों को आने जाने की अनुमति होगी।
इस दौरान रोहनिया से मोहनसराय रास्ते पर जाने से बचें, जिससे उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। जिसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। रोहनया से मोहनसराय जाने वाले मार्गों पर डायवर्जन के अनुसार वाराणसी से प्रयागराज जाने वाले वाहनों को चांदपुर चौराहे से लोहता, जंसा होते हुए राजातालाब हाइवे की ओर जाना होगा। वहीं प्रयागराज से वाराणसी आने के लिए राजातालाब, जंसा और लोहता होते हुए चाँदपुर चौराहा की ओर से जाना होगा।