वाराणसी: रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सदन की बैठक कराने की मांग, कांग्रेस पार्षदों ने कहा- स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर करेंगे प्रदर्शन
कांग्रेस पार्षदों ने प्रशासन से मांग की कि रुद्राक्ष में नगर निगम सदन की बैठक कराने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। प्रशासन की ओर से सोमवार तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो कांग्रेस पार्षद रुद्राक्ष पर प्रदर्शन करेंगे।
विस्तार
वाराणसी नगर निगम के कांग्रेस पार्षद कक्ष में कांग्रेस पार्षद दल की बैठक हुई। इसमें पार्षद दल के नेता सीताराम केशरी ने कहा कि जहां पहले नगर निगम सदन की बैठक होती थी, उसे तोड़कर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया गया है। प्रशासन से मांग की कि रुद्राक्ष में नगर निगम सदन की बैठक कराने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। प्रशासन की ओर से सोमवार तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो कांग्रेस पार्षद रुद्राक्ष पर प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि 2018 में नगर निगम का प्रेक्षागृह तोड़कर रुद्राक्ष का निर्माण शुरू होने पर पार्षदों ने विरोध किया था। तब प्रशासन ने कहा कि इसमें सदन का भी निर्माण होगा। कहा कि 15 जुलाई को रुद्राक्ष के लोकार्पण के समारोह में किसी पार्षद को नहीं बुलाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि सदन की सर्वसम्मति के बगैर नगर निगम की जमीन ले ली गई। इस पर रुद्राक्ष का निर्माण असंवैधानिक रूप से कराया गया। सदन निर्माण के वादे से प्रशासन मुकर गया है।
नगर आयुक्त बोले- प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर निर्णय लिया जाएगा
वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी की शनिवार को बैठक में प्रस्ताव रखा गया। इसमें कहा गया कि जब तक सदन का नया भवन नहीं बन जाता है, तब तक रुद्राक्ष में ही सदन की बैठक कराई जाए। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर निर्णय लिया जाएगा।
महापौर की अनुपस्थिति में उपसभापति नरसिंह दास ने बतौर सभापति बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान स्वास्थ्य खराब होने के कारण नगर आयुक्त गौरांग राठी वर्चुअल जुड़े। इस पर कार्यकारिणी सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई। कहा कि अक्सर कार्यकारिणी की बैठक से वह गायब रहते हैं। इस पर नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया।
अपने ही प्रस्ताव पर नगर आयुक्त ने लगाई आपत्ति
सदस्यों ने सवाल उठाया कि आलोक विभाग की ओर सीढ़ियों को खरीदने, सेवानिवृत्ति कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग पर रखने, आलोक अधीक्षक और अपर नगर आयुक्त को वित्तीय अधिकार देने के प्रस्ताव पर पहले हस्ताक्षर कैसे कर दिया। कहा कि बगैर देखे हस्ताक्षर किया है। सदस्यों ने कहा कि अब सभी कार्यों पर विधिक राय के बाद ही काम होगा।
बकरीद और सावन की तैयारियां मुकम्मल कराने का प्रस्ताव पास
तंबाकू लाइसेंस की अनिवार्यता पर ली जाएगी विधिक राय
शहरी क्षेत्र में तंबाकू बेचने वालों के लाइसेंस लेने की अनिवार्यता पर सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई। कहा कि व्यापारियों, अधिकारी से समझकर लिखित आपत्ति ली जाएगी। इस पर विधिक राय भी ली जाएगी। इसके बाद इसे लागू किया जाए।