Varanasi News: चाैकी से निकलते ही फरियादी की मौत, मारपीट में हुआ था घायल; पुलिस बोली- हार्ट अटैक आया था
इस मामले में परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग की माैत हार्ट अटैक से हुई है। जरियारी गांव में कुएं के पानी की निकासी को लेकर विवाद हुआ था।
विस्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के जरियारी गांव में कुएं के पानी की निकासी को लेकर हुए दो पक्षों में मारपीट में एक पक्ष के मोती राजभर (62) की मौत हो गई। पुलिस उसे हार्ट अटैक बता रही है, जबकि परिजनों का कहना है कि मारपीट के दौरान गंभीर चोट से मौत हुई है।
इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे तक कोई भी कार्रवाई नहीं की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। जरियारी गांव के रहने वाले मोती राजभर और पुतुल राजभर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया गया है कि शुक्रवार को कुएं से निकल रहे पानी की नाली को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। पुतुल राजभर के बेटों ने मोती राजभर के बेटे और मोती राजभर की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पीआरबी ने दोनों पक्ष को चोलापुर थाने के दानगंज चौकी पर देर शाम लाया।
यहां पर मोती राजभर के बेटे नत्थू राजभर ने बताया कि पिता का एकलौता बेटा हूं। पुतुल राजभर के बेटों ने विवाद के दौरान पिताजी की पिटाई की। आरोप लगाया की दीवार में लड़ाकर मोती राजभर मारा।उसका कहना था कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करें। उसे शनिवार को मुंबई लौटना था। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में शिथिलता बरती है। मोती राजभर के सिर में लगी चोट से उनकी मौत हुई है।
परिजनों में मचा कोहराम
इस संबंध में थाना प्रभारी चोलापुर ने बताया कि विवाद में दोनों पक्ष को चौकी पर लाया गया था। एक पक्ष मोती राजभर चौकी से बाहर निकलते ही सड़क के किनारे गिर गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
खबर लिखे जाने तक पुतुल राजभर और मोती राजभर के बीच विवाद में अभी तक कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, पुतुल के बेटों ने इस मामले में चौकी प्रभारी को कार्रवाई के लिए कहा है। मोती राजभर के बेटे नत्थू ने बताया कि पिता की मौत हार्ट अटैक से नहीं बल्कि मारपीट के दौरान लगे चोट से हुई है।