Varanasi: सीएम योगी का विपक्ष पर वार, बोले- भाषा और जाति के नाम पर कुछ लोग रच रहे देश तोड़ने का षडयंत्र
वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश को आतंकवाद, नक्सलवाद और अराजकता से मुक्त करने का कार्य चल रहा है। नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि देश को भाषा, जाति और क्षेत्र के नाम पर देश को तोड़ने का षडयंत्र कुछ लोग रच रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि देश को भाषा, जाति और क्षेत्र के नाम पर देश को तोड़ने का षडयंत्र कुछ लोग रच रहे हैं। समाज में अलगाव का प्रयास करने वालों से हमें सावधान रहना होगा। वाराणसी के खोजवां स्थित राममंदिर में आयोजित जगतगुरु रामानंदाचार्य के 723वें जयंती समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को आतंकवाद, नक्सलवाद और अराजकता से मुक्त करने का कार्य चल रहा है।
श्रीभक्तमाल कथा से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यकाल के मुगल आक्रांताओं को भक्ति के जरिये ही मुंहतोड़ जवाब दिया गया था। प्रधानमंत्री ने जिन पंचप्रण की बात की है उनमें एक प्रण है गुलामी के अंशों को सर्वथा समाप्त करना। विरासत के प्रति सम्मान का भाव पैदा करना। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश को जोड़ने वाली ताकत काम कर रही है।
जगतगुरु रामानंदाचार्य ने हर परंपरा को जोड़ा था
बिना भेदभाव के समाज के हर तबके को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। भारत के सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक वैभव को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सात सौ साल पहले साधना की ऊंचाइयों को प्राप्त करने वाले जगतगुरु रामानंदाचार्य ने हर परंपरा को जोड़ा था और इसी के कारण आज का भारत बचा हुआ है।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने वाराणसी और चंदौली जिले की सीमा पर अघोरेश्वर भगवान राम आश्रम पड़ाव में अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया। यहां से मुख्यमंत्री नाव से अस्सी पहुंचे। खोजवां में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। जहां गंगा पर आधारित भ्रमणशील प्रदर्शनी अर्थ गंगा का उद्घाटन किया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पीएम मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम में भाग लेंगे। पीएम मोदी गंगा विलास क्रूज को रवाना करेंगे। इसके बाद टेंट सिटी का लोकार्पण करेंगे।
जगतगुरू रामानंदाचार्य ने समाज को एक सूत्र में पिरोया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जगतगुरू रामानंदाचार्य ने 'जाति-पाति पूछे नहीं कोई, हरि को भजे सो हरि का होई' का संदेश दिया था। जगतगुरू ने जो कुछ भी किया लोक कल्याण के लिए किया। उस काल खंड में जब बर्बर हमले हो रहे थे। धर्म असुरक्षित था और समाज में वैमनस्यता के बीज बोए जा रहे थे। तब उन्होंने समाज के अलग-अलग समूहों को जोड़कर अद्भुत कार्य किया था।
भक्ति की सभी परंपराओं को जोड़कर अलग-अलग जगह अपने विशिष्ट और उत्कृष्ट शिष्यों को भेजकर समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उस विलक्षण विरासत के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का ये एक महान अवसर है। हमारा देश आजादी के 75वें साल पर अमृत महोत्सव मना रहा है।
इसी के तहत भक्तमाल कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ रामकमल दास वेदांती, महामंडलेश्वर स्वामी संतोष दास, स्वामी सर्वेश्वरशरण, काशी वैष्णव संत समाज के पदाधिकारीगण, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी और विधायक सौरभ श्रीवास्तव मौजूद रहे।