भादो में सिहरन: 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं पुरवा हवाएं, 50 मिमी बरसे बादल; पेड़ और बिजली भी गिरी
भादो में शुक्रवार को काशी का मौसम बदला नजर आया। पुरवा हवाओं ने 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लोगों को सिहरन का अहसास कराया। करीब 50 मिमी बारिश से तापमान 23 से 27 डिग्री के बीच रहा। बारिश के दौरान कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इससे कुछ इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ।
विस्तार
भादो जाते-जाते काशीवासियों को सिहरन सा अहसास करा दिया। ओडिशा में चक्रवात और हिमालय की बर्फबारी का हल्का असर काशी में दिखा। पूरे दिन कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। शुक्रवार को करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवाएं चलीं। 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके चलते पूरे दिन तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस बना रहा। कई जगह बिजली गिरी और 10 से ज्यादा पेड़ भी गिर गए, जिससे सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया। वहीं शिवपुर की रामलीला बारिश के चलते स्थगित हो गई। शहर की सड़कों और उनके गड्ढों में जलभराव भी रहा।
जिले का अधिकतम तापमान सिर्फ 27.4 डिग्री ही दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5.9 डिग्री नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों तक काशी में ऐसे ही बिजली चमकने और तेज हवा के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
शुक्रवार को सुबह से ही काशी तेज हवा की चपेट में रही। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ पर निम्न दाब की स्थिति बनी हुई है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ने से प्रादेशिक बारिश में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। 27 सितंबर तक प्रदेश में तेज झोंकेदार सतही हवाओं और भारी बारिश के आसार हैं।
भारी बारिश की चेतावनी... आज बंद रहेंगे 12वीं तक के स्कूल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिले में 12वीं तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से इस संबंध में शुक्रवार की देर रात आदेश जारी किए गए।
आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा। हालांकि, विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों का संपादन करेंगे। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने जारी आदेश में प्रबंधक, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को भी इसका अनुपालन कराने को कहा गया है।
बारिश ने बिगाड़ी आपूर्ति, कहीं दो तो कहीं 8 घंटे तक गायब रही बिजली
वाराणसी। दो दिनों से हो रही बरसात ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में दो घंटे से लेकर 8 घंटे से अधिक समय तक बिजली कटी। सबसे अधिक दिक्कत लोगों को पीने के पानी भरने को लेकर हुई।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने हाल में हुई समीक्षा बैठक में आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। लेकिन हर बरसात में आपूर्ति चरमरा जाएगी। शहर के दशाश्वमेध, मैदागिन, सिगरा, महमूरगंज, लंका, सामनेघाट, पांडेयपुर, चांदपुर समेत कई इलाकों में दो से 4 घंटे की कटौती हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में 8 घंटों तक बिजली कटी।
लोहता में तेज हवा और बरसात की वजह से सांयकाल से ही बिजली की ट्रिपिंग हुई। ट्रिप होने के 20 से 30 मिनट बाद कई बार आई गई। रोहनिया में तेज हवा के साथ हल्का बारिश हो रही है, शाम से बिजली कि ट्रिपिंग हुई और कुछ देर के अंतराल पर कई बार आई गई।
राजातालाब में शुक्रवार को दिनभर मध्यम से तेज गति की हवा चलती रही। शाहंशाहपुर में आराजी लाइन, बेलवा लसकरिया आदि क्षेत्रों में पेड़ गिरने से लाइट बाधित रही। चोलापुर में तेज हवा और बारिश के कारण शाम 4 बजे से रौना कला सब स्टेशन कि लाइट देर रात तक गायब रही। सारनाथ में पूरनपट्टी उपकेंद्र से संबंधित सभी फीडर की बिजली आपूर्ति हवा व पानी वजह से कटी रही जिसे इस उपकेंद्र से सथवां फीडर से संबंधित 50 गांवों में बिजली आपूर्ति गुल रही। पूरे दिन ,ब्लॉक रोड और डीपीएच उपकेंद्र से सप्लाई बाधित रही।