चंदौली: एमएलसी चुनाव की तैयारियां तेज, पांच जोनल और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे सुरक्षा
चंदौली जिले में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के लिए 23 अक्तूबर को 10 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। सुरक्षा के लिए पांच जोनल और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी तैनात रहेगी। मतदान पार्टियां 22 अक्तूबर को रवाना होंगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 10 मतदान केंद्रों पर 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इस चुनाव में ईवीएम के बजाय मतपत्र और मतपेटी का इस्तेमाल किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तैनाती भी रहेगी।
आईटीआई कॉलेज रेवसा में सोमवार को मतदान की तैयारियों को लेकर एडीएम न्यायिक रतन वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर निर्वाचन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी अधिकारियों को निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर मतदान केंद्र पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, चार मुख्य आरक्षी या आरक्षी, चार महिला आरक्षी और पीएसी का एक सेक्शन तैनात रहेगा। जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
मतदान केंद्र परिसर और उसके 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार, अनधिकृत वाहनों के प्रवेश और भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी। सुरक्षा जांच के दौरान स्याही, फाउंटेन पेन, पानी की बोतल और अन्य तरल पदार्थ ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
मतपत्रों और मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी तरह के प्रलोभन या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
22 अक्तूबर को रवाना होंगी मतदान पार्टियां
मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां 22 अक्तूबर को कलेक्ट्रेट परिसर से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें वाराणसी के पहड़िया स्थित मंडी समिति भेजा जाएगा।
जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने और पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मतदान कक्ष में मोबाइल और कैमरा प्रतिबंधित
जिलाधिकारी एवं वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि 23 अक्तूबर को मतदान के दिन मतदान कक्ष में मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार का कैमरा ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
मतदाताओं को मतदान प्रकोष्ठ में पीठासीन अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराया जाने वाला बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल करना होगा। मतदाताओं को निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान करना होगा।