Varanasi News: पहली बार राजधानी से बाहर मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, 13 महीने बाद काशी आएंगे अमित शाह
Varanasi News: काशी में 24 जून यानी कल पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होगी। इसमें शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह व चार मुख्यमंत्री शामिल होंगे। वहीं अमित शाह और चार राज्यों के सीएम जीआई उत्पादों की प्रदर्शनी देखेंगे।
विस्तार
मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक पहली बार किसी राज्य की राजधानी में नहीं होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस बैठक को लखनऊ की जगह काशी में करने का फैसला किया है। पिछली बैठक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हुई थी। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव 2024 के करीब 13 महीने बाद काशी आ रहे हैं। वह 24 जून को चारों राज्यों के मुख्यमंत्री व अधिकारियों के साथ दो सत्रों में बैठक करेंगे, फिर काशी से रवाना हो जाएंगे।
काशी में होने वाली बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव व उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। नदेसर स्थित होटल ताज में होने वाली बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसी सिलसिले में गृहमंत्री सहित सभी मुख्यमंत्री सोमवार को ही काशी आ रहे हैं। सोमवार को ही यूपी के सीएम की तरफ से रात्रि भोज दिया जाएगा। मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद गृहमंत्री, सभी मुख्यमंत्रियों और बैठक में आने वाले सभी अफसरों को अयोध्या के श्रीराम मंदिर का प्रसाद भी दिया जाएगा।
जीआई उत्पादों की प्रदर्शनी देखेंगे अमित शाह और सीएम
काशी में पहली बार 24 जून को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होने जा रही है। परिषद की 25वीं बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मेजबान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। नदेसर के ताज होटल में प्रस्तावित इस महत्वपूर्ण बैठक के अलावा काशी के विश्व प्रसिद्ध हस्तशिल्प जीआई टैग उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगेगी। इसमें काशी के 10 विशिष्ट जीआई-टैग वाले उत्पाद प्रदर्शित होंगे।
इसे भी पढ़ें; Amit Shah Visit: गृहमंत्री शाह और योगी समेत चार सीएम आज काशी में, मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में होंगे शामिल
यह आयोजन न केवल इन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों को भी प्रोत्साहित करेगा। जीआई विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत ने बताया कि भारत की बौद्धिक संपदा में शुमार जीआई उत्पादों की इस प्रदर्शनी से काशी के कारीगरों के हुनर को मंच मिलेगा।
प्रदर्शनी में यह 10 उत्पाद
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि प्रदर्शनी में बनारस ब्रोकेड एंड साड़ी, बनारस जरदोजी, बनारस गुलाबी मीनाकारी क्राफ्ट, बनारस ग्लास बीड्स, बनारस मेटल रिपोजी क्राफ्ट, बनारस मेटल कास्टिंग क्राफ्ट, वाराणसी वुडेन लेकर एंड टॉयज, बनारस वुड कार्विंग, वाराणसी सॉफ्ट स्टोन जाली वर्क, बनारस हैंड ब्लॉक प्रिंट उत्पाद होंगे।
वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखकर शहर भर से हटवाए गए अतिक्रमण
गोदौलिया से दशाश्वमेघ घाट तक नगर निगम और पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान अतिक्रमण हटवाए गए। अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई। नगर निगम ने सामान जब्त किया। घाटों पर नाव रिपेरिंग को लेकर नाव मालिक को चेतावनी दी गई।
इस दौरान गंगा घाटों की भी सफाई की गई। सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पांच प्रदेशों के मुख्यमंत्री शहर में रहेंगे। उनके आगमन को देखते हुए सफाई और अतिक्रमण अभियान तेज कर दिया गया है। घाटों पर अतिक्रमण को भी हटाकर लोगों को नोटिस जारी किया गया। घाटों पर नाव संचालकों को भी चेतावनी दी गई।
फल मंडी के दुकानदारों को हिदायत दी गई कि आगामी तीन दिन तक कोई भी ठेला खोमचा सड़क पर नहीं लगाएंगे। उधर, सारनाथ में सड़क किनारे लगी अवैध दुकानों को हटाया गया। हवेलिया चोराहे से संग्रहालय होते हुए सारनाथ चौराहे तक दो गुमटी, एक ठेला जब्त किया। हिदायत दी गई कि सड़क व पाथवे पर अवैध दुकानें नहीं लगेगी।