अमर उजाला संवाद: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- वाराणसी से हल्दिया जलमार्ग का पूरा फायदा उठाएं उद्यमी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अमर उजाला के विभिन्न संस्करणों के संपादकों से वेबिनार के जरिए संवाद में सोमवार को कहा कि बनारसी साड़ियों के लिए उद्यमी चीन से कच्चा माल मंगाते हैं। इसकी जगह, हमें अच्छी क्वालिटी का सस्ता कच्चा माल अपने यहां ही पैदा करना चाहिए। हमारे किसान ऐसा कर सकते हैं। तभी हमारे लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा मिल सकेगा।
वाराणसी से हल्दिया जलमार्ग पर माल परिवहन न होने को उन्होंने अफसोसजनक बताया। कहा कि यूपी के लोग इस जलमार्ग का फायदा नहीं उठाते हैं। उत्तर प्रदेश के उद्योगों में जो माल लगता है, वह जलमार्ग से आ सकता है। यह अपेक्षाकृत काफी सस्ता पड़ेगा। यूपी से भी आलू-आम भेजा सकता है। उद्यमियों और उद्योगों को इस जलमार्ग का पूरा फायदा उठाना चाहिए। कहा कि इस जलमार्ग से पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
प्रवासियों को उनके गृह जिले में काम मिलने से जुड़े एक सवाल पर गडकरी ने कहा कि प्रवासी जहां काम करते थे, अब भी कुछ औपचारिकताएं पूरी कर वापस लौट सकते हैं। लेकिन, प्रवासियों को उनके गृह जिले में भी काम मिल रहा है। ऐसी सूचना है कि वाराणसी में एक निजी कंपनी की यूनिट ने दो सौ प्रवासियों को अपने यहां काम दिया है। ऐसा बाकी जगह भी हो सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि नमामि गंगे के तहत वाराणसी में सात प्रोजेक्ट चल रहे हैं। गंदे पानी का शोधन किया जा रहा है। पहले गंगा में गंदा पानी जाता था। गडकरी ने यह भी कहा कि सोनभद्र में विपुल खनिज भंडार है। उसके दोहन से प्रदेश और देश के विकास में बड़ा योगदान कर सकते हैं। सोनभद्र के संदर्भ में विशेष योजनाएं बनाई जानी चाहिए।