वाराणसी जिला अस्पताल: निरीक्षण में कमरे में नहीं मिलीं डॉक्टर, ड्यूटी रजिस्टर भी अधूरा; CDO ने दी चेतावनी
वाराणसी में जिला अस्पताल के निरीक्षण में कई खामियां मिलीं। इस दौरान कमरे में डॉक्टर नहीं मौजूद थीं। इससे नाराज सीडीओ ने सीएमएस को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी।
विस्तार
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल और एमसीएच विंग में गुरुवार को सीडीओ हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण किया। सीडीओ को अस्पताल परिसर में शौचालय से लेकर अन्य जगहों पर गंदगी मिली। कर्मचारियों का ड्यूटी रजिस्टर भी अधूरा मिला। कार्यरत 42 में से महज 29 ने ही रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए थे।
इसके अलावा जिला अस्पताल के आयुष्मान वार्ड और एमसीएच विंग में कमरे में डॉक्टर भी नहीं मिलीं। इस पर नाराज सीडीओ ने सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह को इस तरह की लापरवाही पर रोक लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। साथ ही व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग करते रहने को कहा।
गुरुवार की दोपहर में अस्पताल पहुंचने पर सीडीओ ने आयुष्मान भारत योजना के काउंटर के साथ ही एनआरसी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां कुछ जगहों पर केबिन के खिड़कियों में जाली एवं शीशा सही न होने पर इसको दुरुस्त करवाने को कहा। साथ ही शौचालय में साफ-सफाई न होने पर नाराजगी जताई।
इससे पहले एमसीएच विंग में पहुंचे तो वहां ओपीडी के दौरान डॉक्टरों के कमरे में न मिलने पर सीएमएस से जानकारी मांगी तो पता चला कि तीन इमरजेंसी सीजर एक साथ हो रहे हैं। उन्होंने ओपीडी में हर हाल में चिकित्सक की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सीएमएस को अस्पताल की पेंटिंग कराने के साथ ही सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
मरीज ने भोजन नहीं लिया और रजिस्टर पर दर्ज था नाम
सीडीओ ने एक मरीज से पूछा कि उसने भोजन कर लिया तो मरीज ने भोजन न लेने की बात कही। रजिस्टर चेक करने पर उसका नाम भोजन लेने वालों के नाम के आगे दर्ज था। सीडीओ ने सीएमएस को हिदायत दी कि इस तरह का कार्य दोबारा न हो। आयुष्मान भारत वार्ड में निरीक्षण के समय मरीजों ने डॉक्टरों के राउंड पर न आने की शिकायत की। इस पर सीडीओ ने सीएमएस को डॉक्टरों की ड्यूटी को सुनिश्चित करने को कहा।