वाराणसी में हादसा: झारखंड से घर जा रहे परिवार की कार ट्रक से भिड़ी, युवक की मौत, पत्नी और दो बच्चे घायल, चालक फरार
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास एक इनोवा कार ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया। जबकि उसकी पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा मंगलवार की सुबह हुआ था।
जानकारी के अनुसार, कार सवार लोहरदगा (झारखंड) से रायबरेली जा रहे थे। इनोवा सवार शशिकांत मौर्य(30) रायबरेली जिले के समरसपुर क्षेत्र के सिरसोइ का रहने वाला था। चालक के बगल वाली सीट में बैठा था। उसकी पत्नी उर्मिला मौर्य(26), बेटा आर्यन उर्फ मयंक(7) और बेटी माही(10) पीछे बैठी थी।
बीरभानपुर में हाईवे पर एक खड़े ट्रक में कार टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर तत्काल मौके पर पहुंचे राजातालाब थाना प्रभारी राम आशीष ने अपने सहयोगी सिपाहियों और ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त इनोवा कार में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलो को एंबुलेंस से बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर इलाज के लिए भर्ती कराया। वहीं, मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजातालाब थाना पहुंचे परिजनों के साथ मृतक शशिकांत मौर्या के छोटे भाई शिवाकांत मौर्य ने बताया कि शशिकांत मौर्या लोहरदगा में राइस मिल में नौकरी करते थे। ये किराये कि गाड़ी लेकर अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अपने घर जा रहे थे।