बनारस में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर व्यापारियों का धरना शुरू, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
वाराणसी में आए दिन व्यापारियों और आम लोगों के साथ बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में पुलिस प्रशासन के खिलाफ व्यापारियों में बेहद नाराजगी है। रविवार की सुबह वाराणसी व्यापार मंडल के व्यापारियों ने लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
धरना का नेतृत्व कर रहे अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि बनारस में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। पिछले सप्ताह लूट की नियत से अपराधियों ने चौक के घड़ी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद सराफा कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी की मांग की गई।
दुर्गाकुंड में हॉस्टल केयर टेकर विशाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार को लालपुर में अधेड़ की गोली मारकर हत्या से शहर में दहशत का माहौल है। बाजारों में महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की घटनाएं आम हो गई। पुलिस की इकबाल को अपराधी खुली चुनौती दे रहे हैं।
कारोबार करना मुश्किल हो गया है। इन घटनाओं के खुलासे में भी पुलिस के हाथ खाली जा रहे हैं। महामंत्री प्रमोद अग्रहरी ने कहा कि व्यापारियों की थानों पर सुनवाई नहीं हो रही है। धरना में आईटी सेल के संतोष सिंह, सत्य प्रकाश जायसवाल, संजय गुप्ता, बबलू अग्रहरि, बबलू चौहान, मनोज अग्रहरि, आशीष गुप्ता, पिंटू सोनकर, डीके सोनकर, सविता सिंह आरती श्रीवास्तव आदि विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने आवाज बुलंद की है।