आजमगढ़ और मऊ में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क किनारे अवैध निर्माण ध्वस्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल के आजमगढ़ और मऊ जिले में अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया। आजमगढ़ में एसडीएम सदर का अतिक्रमण हटाओ अभियान ने दीपावली के बाद एक बार फिर गति पकड़ ली। मंगलवार को तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की टीम हरवंशपुर में पहुंची। यहां सड़कों के किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को जीसीबी से गिरा दिया। कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति मची रही। कई लोगों ने स्वंय अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार (आईएएस) की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया है। दीपावली के मद्देनजर अभियान को रोक दिया गया था। दीपावली और छठ पूजा के बाद एसडीएम ने अपना अभियान एक बार फिर शुरू कर दिया है। मंगलवार को टीम अतिक्रमण हटाने के लिए हरवंशपुर पहुंची। यहां एआरटीओ आफिस और प्रतिष्ठत स्कूल भी हैं।
सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण और बेतरतीब वाहनों के खड़े रहने से यहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़कों के किनारे जेसीबी से अतिक्रमण को हटाया गया। एसडीएम ने कहा कि एआरटीओ ऑफिस के पास रोड के किनारे शेड और गुमटी डाल कर अवैध अतिक्रमण किया गया है।
इसमें दलाल बैठे रहते हैं। इसे हटाया जा रहा है। इससे जाम की समस्या हल होगी। अतिक्रमण हटाने के साथ सभी गुमटियों को भी जब्त किया जा रहा है। इसे शपथ देने के बाद ही वापस किया जाएगा। दोबार से अतिक्रमण करने पर एफआईआर और जुर्माना किया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुल्डोजर, मचा हड़कंप
मऊ जिले में शहर के आजमगढ़ तिराहा से लेकर बाल निकेतन के बीच पटरी पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान हड़कंप मचा था। हालांकि अभियान शुरू करने से 24 घंटा पहले दुकानदारों को होने वाली कार्रवाई से अवगत कराने के लिए लाउडस्पीकर से अनाउंस किया गया था।