यूपी: टीएसपीसी की कमान संभाल रही है नक्सली कमांडर बृजेश गंझू की पत्नी, जांगी एप से हो रही वसूली
बृजेश गंझू मौत के बाद उसकी पत्नी टीएसपीसी की कमान संभाल रही है। वहीं जांगी एप से वसूली हो रही है। अब एटीएस ने संगठन की मुखिया बनी पत्नी और परिजनों को रडार पर लिया है। बृजेश गंझू को 20 सितंबर को एटीएस ने मुठभेड़ में मार गिराया था।
विस्तार
प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के मुखिया बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद संगठन की कमान उसकी पत्नी ने संभाल ली है। वह और उसके परिवार के सदस्य जांगी एप से संगठन चला रहे हैं।
एटीएस ने बृजेश गंझू की पत्नी और परिवार के छह सदस्यों को रडार पर लिया है। सभी लेवी वसूली में संलिप्त हैं। बृजेश गंझू पर एनआईए ने पांच लाख और झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम रखा था। 20 सितंबर को एटीएस वाराणसी यूनिट ने रामनगर में बृजेश को मुठभेड़ में मार गिराया था।
यूपी एटीएस को इनपुट मिली है कि जांगी एप और सेशन एप से संगठन को धार बृजेश गंझू की पत्नी दे रही है। परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों से वह जांगी एप के जरिये संपर्क में है। लेवी वसूली के पैसों का परिजनों और रिश्तेदारों में बंदरबाट हुई है। कुछ रिश्तेदार बृजेश के पैसे दबाकर बैठ भी गए हैं।
सभी की तलाश में एटीएस लगी हुई है। बृजेश गंझू ने कोल इंडिया में परिजनों, रिश्तेदारों की नौकरियां भी लगवाई हैं, जो कभी भी कोल इंडिया में नौकरी नहीं किए, लेकिन हाजिरी लग रही और वेतन भी पा रहे हैं। ऐसे रिश्तेदारों, परिवार के सदस्यों को एटीएस ने चिह्नित किया है। झारखंड के रांची, धनबाद, बंगाल और महाराष्ट्र में बृजेश गंझू ने अचल संपत्तियां बनाई हैं। रिश्तेदारों के नाम पर निवेश किया है। उसी निवेश के पैसे का बृजेश की पत्नी हिसाब लगा रही है।
बड़े कमांडरों की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण नीति के कारण संगठन का नेटवर्क ध्वस्त
टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) का इतिहास माओवादी उग्रवाद के आंतरिक मतभेदों, जातिगत वर्चस्व की लड़ाई और लेवी (रंगदारी) वसूलने के सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। पिछले कुछ साल में सुरक्षा बलों के चौतरफा अभियानों, बड़े कमांडरों की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण नीति के कारण संगठन का नेटवर्क ध्वस्त हो चुका है। बृजेश के मारे जाने के बाद संगठन नेतृत्व विहीन और बेहद कमजोर हो गया है। मुखदेव यादव जैसे कमांडर मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, नगीना, रोहिणी गंझू और कुलदीप गंझू जैसे बड़े चेहरों ने या तो आत्मसमर्पण कर दिया है या वह गिरफ्तार हो चुके हैं। 200 से अधिक हथियारों से लैस कैडरों वाला यह संगठन अब सीमित हो चुका है और पूरे नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने में बृजेश गंझू की पत्नी जुटी है। बृजेश गंझू का साथी 10 लाख का इनामी शशिकांत गंझू भी संगठन को मजबूत बनाने में जुटा है।