वाराणसीः ईंट रख कर बिक रही थी कोरोना टीकाकरण के लिए कतार, आक्रोशित लोगों ने की पिटाई
पिंडरा पीएचसी पर कोरोना वैक्सीन लगवाने के दौरान मारपीट हो गई। आरोप है कि एक युवक ने लाइन में 25 ईंटें लगा दी थीं। कहा, उसके घर वाले वैक्सीन लगवाने आएंगे तो इसी कतार में खड़े होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में जहां अधिक से अधिक लोगों से कोरोना टीकाकरण की अपील की जा रही है वहीं टीकाकरण के नाम पर धन उगाही का मामला सामने आया है। पिंडरा पीएचसी पर लाइन में ईंट रखकर लोगों से यहां खड़े होने के नाम पर रुपये लिए जा रहे हैं।
शुक्रवार सुबह एक युवक ने जब पहले से ईंट रखकर लोगों से वहां खड़े होने के नाम पर रुपये मांगे तो मौजूद लोगों ने इसका विरोध जताया। मामला बढ़ गया और युवक की पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
शहरी और ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण के लिए केंद्र बनाए जा रहे हैं। सुबह 10 बजे से लगने वाले टीके के लिए कई केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही लोगों की लाइन लग जा रही है। पिंडरा पीएचसी पर शुक्रवार सुबह जो हुआ, उसे सुनकर हर कोई हैरान हैं। यहां एक युवक ने सुबह छह बजे ही 20-25 ईंट को कतार में यह कहकर लगा दिया कि उसके घर के कुछ लोग टीका लगवाने आएंगे।
ईंट रखने पर आपत्ति जताई तो मारपीट
जब टीका लगवाने के लिए लाइन में लगने लोग पहुंचे और ईंट रखने पर आपत्ति जताई तो विवाद शुरू हो गया। इस बीच मामला बढ़ गया। लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि इस तरह का खेल लंबे समय से चल रहा है।
इस बारे में पूछे जाने पर पीएचसी प्रभारी डॉक्टर संतोष सिंह ने बताया की सुबह जब टीकाकरण शुरू होता है तो टोकन बांटने से पहले पुलिस को सूचना दी जाती है। शाम को ही कुछ लोग ईंट लगाकर चले जाते है, और सुबह आकर टोकन लेते है। इसी में आगे पीछे ईंट करने में मारपीट हुई है।
शनिवार को केंद्रों पर लगेगी केवल टीके की दूसरी डोज
इधर शुक्रवार को जिले में कुल 24426 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 18 से 44 वर्ष के 23360 और 45 वर्ष से ऊपर के 1066 का टीकाकरण किया गया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्पेशल केंद्र पर सात, महिला स्पेशल बूथ पर 241 महिलाओं ने टीका लगवाया।