घूस लेने का मामला: काॅलोनाइजरों को VDA के एई-जेई ATM की तरह इस्तेमाल कर रहे थे, रुपये लेते तीन गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी में वीडीए के एई, जेई समेत तीन कर्मचारियों को एंटी करप्शन टीम ने घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया है। पड़ाव स्थित जोन- 5 कार्यालय के बाहर कार से तीनों आरोपी पकड़े गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
VDA Varanasi: जोन-5 कार्यालय के जेई अशोक यादव, एसोसिएट इंजीनियर मोहम्मद अनस और जोनल अधिकारी एई गौरव सिंह जयप्रकाश के बारे में कहा जाता है कि वह रामनगर, पीडीडीयू नगर में काॅलोनाइजरों को एटीएम की तरह इस्तेमाल करते थे। डेढ़ माह पूर्व अलीनगर हाईवे किनारे एक प्लाॅटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद एक काॅलोनाइजर से दो टन का एसी लिया गया।
पीडीडीयू नगर और रामनगर, सिंघीताली क्षेत्र में कई अवैध प्लॉटिंग चल रही है। मगर, कार्रवाई सिर्फ वहीं होती थी, जहां से सुविधा शुल्क नहीं पहुंचता था। क्षेत्र में कोई भी प्लाॅटिंग का नया खिलाड़ी पहुंचा तो बिना जोन-5 में चढ़ावा के प्लाॅट काट नहीं सकता है।
वहीं, कई काॅलोनाइजरों को इस तरह सेट किया गया था कि वह क्षेत्र में किसी भी प्लाॅट पर दखल रखना चाहते हैं तो वह वीडीए जोन-5 में पहुंचते थे। विभागीय सूत्रों ने बताया कि जोन-5 में मुलाकात के बाद बुल्डोजर क्षेत्र में निकलता था।
जमीन की खरीद फरोख्त से जुड़े एक काॅलोनाइजर ने बताया कि इन अफसरों ने इतना आतंक मचाया कि प्लाॅट के दाम बढ़ाने पड़ गए। महंगे मोबाइल, एसी और अन्य उपहार काॅलोनाइजरों की ओर से पहुंचाए भी गए हैं। कई अवैध भवनों के निर्माण को मंजूरी के साथ ही कई वैवाहिक लॉन बिना नक्शा के रामनगर समेत पीडीडीयूनगर में संचालित हुए। इसके पूर्व इन सभी को नोटिस जारी की गई थी। मगर, कार्रवाई किसी एक पर भी नहीं हो सकी है।
वीडीए के जोनल अधिकारी सहित 3 कर्मचारी 25 हजार घूस लेते गिरफ्तार
एंटी करप्शन की टीम ने शनिवार की दोपहर वीडीए के जोनल अधिकारी, जेई समेत तीन कर्मचारियों को 25 हजार रुपये घूस के आरोप में पड़ाव कार्यालय से गिरफ्तार किया। ये तीनों पड़ाव स्थित जोन-5 के जोनल अधिकारी और एई गौरव सिंह जयप्रकाश, जेई अशोक यादव और संविदा पर तैनात एसोसिएट इंजीनियर मोहम्मद अनस हैं।
सभी के खिलाफ एंटी करप्शन की टीम ने भ्रष्टाचार समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है। इन्होंने नक्शा पास कराने के नोटिस पर कोई कार्रवाई न करने के एवज में दो लाख रुपये घूस की मांग की थी। एंटी करप्शन वाराणसी इकाई के इंस्पेक्टर मैनेजर सिंह के अनुसार रामनगर के रामपुर निवासी शिकायतकर्ता अजय कुमार गुप्ता ने एंटी करप्शन टीम वाराणसी इकाई में 18 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई।
टीम ने की कार्रवाई
अजय ने एंटी करप्शन को शिकायत में बताया कि वह पंचवटी पर किराये की चार हजार स्क्वायर फीट जमीन में अस्थायी टिन शेड डालकर अपना व्यवसाय कर रहा है। इस पर जोन-5 के जोनल अधिकारी गौरव सिंह जयप्रकाश की ओर से मानचित्र पास कराने का दबाव डाला गया। नक्शा पास नहीं कराने पर टिनशेड तोड़ने की धमकी दी जा रही थी। पड़ाव स्थित ऑफिस में मुलाकात के लिए बुलाया गया।
जोनल अधिकारी गौरव सिंह जयप्रकाश, जेई अशोक यादव और एसोसिएट इंजीनियर मोहम्मद अनस ने 50 हजार घूस की मांग की। जोनल अधिकारी ने शुक्रवार को दोबारा कार्यालय बुलाया और कहा कि 25 हजार दे दो, तुम्हारे यहां कोई नहीं जाएगा। भविष्य में किसी तरह की कोई नोटिस नहीं जारी होगी।
जोनल अधिकारी गौरव और जेई अशोक यादव के कहने पर 25 हजार रुपये मोहम्मद अनस की कार में रखा गया। डिप्टी एसपी मैनेजर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में आजमगढ़ फूलपुर थाना क्षेत्र के लोनियाडीह हथौराकला निवासी जोनल अधिकारी गौरव सिंह जयप्रकाश, मऊ के कोतवाली क्षेत्र के सलाहाबाद मोड़ निवासी जेई अशोक यादव और शिवपुर के संगम नगर काॅलोनी निवासी मोहम्मद अनस हैं।
यह भी पढ़ें- UP: घूसखोर वीडीए के जोनल अधिकारी, जेई सहित तीन कर्मचारी गिरफ्तार, 25 हजार रिश्वत लेते एंटी करप्शन ने पकड़ा