पूर्वांचल में बदल सकती है भाजपा उम्मीदवारों की सूची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में टिकट दिए जाने से कार्यकर्ताओं के असंतोष की रिपोर्ट बनाकर प्रदेश नेतृत्व आला हाईकमान को भेजेगा। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि जिन सीटों पर विरोध हो रहा है उनकी भी विधानसभावार रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विरोध की नब्ज टटोलने शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी आए थे। इसी दौरान यह संकेत मिले। माना जा रहा है कि कुछ सीटों पर उम्मीदवार बदले जा सकते हैं।
उधर, पूर्वांचल में बढ़ रहे विरोध को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की भी एक टीम बनारस आ रही है। इसमें शीर्ष पदाधिकारी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि यह दल काशी के संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा करेगा।
इस दौरान संजय मोटल्स में काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव प्रबंधन की पूरी तैयारी कर लें। इस दौरान वाराणसी, मिर्जापुर और जौनपुर के कुछ पदाधिकारियों ने टिकट बंटवारे को लेकर हो रहे विरोध के बारे में बताया। इस पर उन्हें बताया गया उन पर नजर है।
इस बीच अंदर बैठक चल रही थी। बाहर मुर्दाबाद के नारे लग रहे थे। इस दौरान मिर्जापुर के जिलाध्यक्ष बालेंदु मणि त्रिपाठी पर कार्यकर्ताओं को गाली देने का आरोप लगा। दक्षिणी से दादा के समर्थक, रोहनिया से टिकट के दावेदार मनीष सिंह के समर्थक, शिवपुर से उदय लाल मौर्य के समर्थक, कैंट में सौरभ को टिकट देने का विरोध करने पार्षद विनीत सिंह आदि भी वहीं पर विरोध जता रहे थे।
हम सबको टिकट नहीं दे सकते है : केशव मौर्य
मिर्जापुर से निर्मला सिंह के साथ जौनपुर की मड़ियाहूं सीट अपना दल को देने की अटकलों से नाराज कई कार्यकर्ता भी यहां पहुंचे थे। कहा था कि बाहरी को टिकट न दिया जाए। बदलापुर और केराकतपुर के कई समर्थक विरोध कर रहे थे।
शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य जगह-जगह धक्कामुक्की के साथ उनकी गाड़ियों को रोक कर नारेबाजी की गई। बाबतपुर एयरपोर्ट से शुरू हुए विरोधी नारे संजय मोटल्स पर प्रस्तावित बैठक स्थल से लेकर पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय गुलाब बाग तक गूंजते रहे।
शहर दक्षिणी सीट से टिकट कटने से नाराज विधायक श्याम देव राय चौधरी दादा के घर के सामने तक प्रदेश अध्यक्ष को कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलनी पड़ी। दावेदारों और समर्थकों ने प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा पर पैसा लेकर टिकट बांटने का आरोप लगाया।
उधर, बनारस में हुए इस कड़े विरोध के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने आज एक पोस्टर जारी कर कहा कि 403 विधानसभा सीटों के लिए 12 हजार से अधिक आवेदन आए थे। कहा कि मैं भाजपा नेतृत्व की ओर से सभी को आश्वस्त करता हूं कि हम सबको टिकट नहीं दे सकते हैं लेकिन सभी का सम्मान जरुर देंगे।