एक क्लिक में वाराणसी की बड़ी खबरें : रोड पर गिरे, अस्पताल में मौत; लुटेरी दुल्हन गैंग की महिला को मिली जमानत
Varanasi News : रामनगर थाने के समीप एक व्यक्ति की गिरने से माैत हो गई। उबड़-खाबड़ सड़क पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से वह पहले घायल हुआ था। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया दिया, जहां से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। वहीं, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) की अदालत ने धोखाधड़ी से शादी कराकर रुपये हड़पने के मामले में लुटेरी दुल्हन गैंग की एक महिला को जमानत दे दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
रामनगर थाने के समीप ऊबड़-खाबड़ सड़क पर गुरुवार को तपोवन मोहल्ला निवासी बाइक सवार शहाबुद्दीन (45) अनियंत्रित होकर गिर पड़े। हेलमेट न पहने होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद कांस्टेबल गंगा प्रसाद ने तत्काल उन्हें ई-रिक्शा से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख कर डाॅक्टर ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर पत्नी शाहजहां का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि शहाबुद्दीन के चार पुत्र हैं।
पीएचडी प्रक्रिया के विरोध में बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस की दीवारों पर चढ़े छात्र
बीएचयू में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के विरोध में छात्र सेंट्रल ऑफिस के दीवार पर चढ़ गए। सेंट्रल ऑफिस पहुंचे छात्र नारेबाजी कर रहे थे तभी प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों ने मेन गेट पर ताला लगा दिया। इससे नाराज दो छात्र दीवार पर चढ़ते दिखाई दिए। वे अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
पीएचडी नियमावली में पुनः सुधार की मांग करते हुए छात्र सेंट्रल ऑफिस में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे हैं। छात्रों का आरोप है कि बीएचयू ने उनकी मांगों पर दिए आश्वासन को बुलेटिन में पूरा नहीं किया गया। सिर्फ एक ही सत्र में नेट परीक्षा क्वालीफाई किए छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा। नोटिफिकेशन में छात्रों की सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा गया। इसे दोबारा संशोधित नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की गई।
वेतनभोगी प्रशिक्षक का सेवा विस्तार न करने के मामले में हस्तक्षेप से इन्कार
हाईकोर्ट ने बीएचयू आईआईटी जिमखाना में दैनिक वेतनभोगी एथलेटिक कोच विजय नारायण वर्मा का कार्यकाल न बढ़ाए जाने के मामले में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया है। न्यायालय ने कहा कि याची को कोई नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया था, इसलिए उसका कोई विधिक अधिकार नहीं है।
हालांकि, न्यायालय ने कहा है कि यदि याची की सेवा की जरूरत हो तो भविष्य में सेवा विस्तार करते समय विचार किया जाए कि उसके खिलाफ आपराधिक केस लंबित है या नही। यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने विजय नारायण वर्मा की याचिका को निस्तारित करते हुए दिया है। बता दें कि आपराधिक केस के कारण याची का सेवा विस्तार नहीं किया गया था। इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
विवाहिता का वीडियो किया वायरल, पति को धमकी
संयुक्त पुलिस आयुक्त के आदेश से जैतपुरा थाने की पुलिस ने सरैया की रहने वाली विवाहिता की तहरीर पर शाहरुख उर्फ सारिख के खिलाफ पति की हत्या की धमकी देने और उसका अश्लील वीडियो वायरल करने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है। सरैया की रहने वाली विवाहिता काआरोप है कि सारिख उसके मोहल्ले में ही रहता है। दोनों में पहले बातचीत थी, लेकिन जब उसकी शादी हो गई तो सारिख उसे परेशान करने लगा।
आरोपी युवक उसके पति को जान से मारने और उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता है। आरोप है कि बीते छह जनवरी को सारिख ने विवाहिता के पति के मोबाइल पर उसका वीडियो और फोटो भेजने के साथ धमकी दी। जैतपुरा थाने की पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
पड़ोसियों ने अधिवक्ता को पीटा
जैतपुरा थाना क्षेत्र की प्रभात नगर काॅलोनी (बघवानाला) निवासी अधिवक्ता सूरज कुमार त्रिपाठी को उनके पड़ोस में रहने वालों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में सूरज ने जैतपुरा थाने में विकास सिंह, रितेश सिंह और दो महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
लुटेरी दुल्हन गैंग की महिला को मिली जमानत
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) पवन कुमार सिंह की अदालत ने धोखाधड़ी से शादी कराकर रुपये हड़पने के मामले में लुटेरी दुल्हन गैंग की एक महिला को जमानत दे दी। पियरी डुबकिया की रहने वाली आसिया को 40- 40 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर कोर्ट ने रिहा करने का आदेश दिया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार राजस्थान निवासी घनश्याम ने दिसंबर 2024 में लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसने सीकर जिले के पुरानबास निवासी अपने दोस्त सुमेर सिंह से अपनी शादी कराने के लिए कहा था। सुमेर ने बताया था कि बनारस में उसकी ससुराल है पत्नी की बहन संगीता अविवाहित है।
संगीता की शादी उसके साथ करवा देगा। सुमेर सिंह पर विश्वास कर पीड़ित लड़की देखने के लिये अपने छोटे भाई महावीर राम के साथ बनारस आया। बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर के पास सुमेर सिंह ने संगीता से मुलाकात कराई। घनश्याम को संगीता पसंद आई और शादी के लिए उसने हां कह दी। 7 दिसंबर 2024 को नगवा में एक कमरे के अंदर सुमेर ने संगीता से उसकी शादी करा दी।
शादी में अन्य लोगों के साथ बुआ के रूप में आसिया भी मौजूद थी। शादी के बाद उसने एक लाख 17 हजार रुपये सुमेर को दिया। उसके बाद दुल्हन को लेकर वह अपने घर ले जाने के लिए मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन आया। वहां संगीता बहाना बनाकर अपने भाई के साथ बाइक पर बैठ कर भाग गई।
एसओजी के सिपाही पर 25 हजार रुपये लेने का आरोप
कमिश्नरेट की एसओजी के एक सिपाही पर चंदौली के रामगढ़ निवासी एक युवक को छोड़ने के एवज में उसके भाई से 25 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक को भेलूपुर थाना क्षेत्र के सोने के हार की लूट के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था। युवक की तबीयत भी खराब थी। इसके बावजूद उसे पैसा लेने के बाद ही छोड़ा गया।
इस संबंध में एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि सूचना मिली थी। दो युवकों और उनके परिजनों से उन्होंने अलग-अलग पूछताछ की। रुपये लेने संबंधी आरोप सही नहीं मिले। हालांकि एसओजी की टीम को हिदायत दी गई है कि अपना काम सही से करें। किसी किस्म की शिकायत न आए। शिकायत आएगी तो जांच कर कार्रवाई में देरी नहीं की जाएगी।
55 हजार रुपये साइबर सेल ने खाते में वापस कराए
कमिश्नरेट की साइबर सेल ने साइबर फ्रॉड के पीड़ित के खाते में 55998 रुपये वापस कराए। इस पर भुक्तभोगी ने साइबर सेल का आभार जताया। डीसीपी क्राइम / गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि गत सात जनवरी को एक शिकायत मिली थी। पीड़ित का कहना था कि अमेजन के एक प्रोडक्ट के संबंध में शिकायत करने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजे।
उन्होंने उस नंबर पर फोन किया तो उनके खाते से 55998 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर सेल प्रभारी मनोज कुमार तिवारी और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते के बैंक से बात कर पूरा पैसा होल्ड करा दिया। वह पैसा शिकायतकर्ता के खाते में वापस आ गया है।
दुष्कर्म के आरोपी को जमानत मिली
विशेष न्यायाधीश एफटीसी प्रथम कुलदीप सिंह की अदालत ने दुष्कर्म के मामले में राजातालाब निवासी आरोपी विजय पटेल को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंध पत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है। प्रकरण के अनुसार पीड़िता के पति और परिवार के लोग शादी समारोह में बाहर गए थे। उसी दौरान आरोपी ने उसके घर में ही उसका मुंह दबाकर और गले पर चाकू रख कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म का उसने वीडियो भी बनाया था। फिर वीडियो के सहारे ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया था।
कूड़ा रखने को लेकर विवाद में मारपीट
सरसावा निवासी रविंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर मारपीट के मामले में दो नामजद सहित 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रविंद्र ने बताया कि पड़ोसी लक्ष्मी देवी, सत्य प्रकाश से कूड़ा रखने को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार को मैं घर जा रहे थे, इसी दौरान लक्ष्मी देवी तथा सत्य प्रकाश सहित 12 अज्ञात लोगों ने मेरी पिटाई कर दी। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
रेस्टोरेंट से 15 हजार रुपये का सामान चोरी
रोहनिया के खुशीपुर स्थित एक रेस्टोरेंट से बुधवार की रात चोर लगभग 15 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। बृहस्पतिवार को रेस्टोरेंट मालिक से चोरी की सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस ने मौका मुआयना किया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना निवासी अजय कुमार तिवारी का खुशीपुर में रेस्टोरेंट है। उन्होंने बताया कि चोर लगभग 15 हजार रुपये का सामान चुरा कर ले गए हैं।
20 बीघे की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 9 अवैध निर्माण सील
वीडीए की ओर से बृहस्पतिवार को 20 बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त करवाई गई और 9 अवैध निर्माण सील किए गए। वार्ड मुगलसराय के बिलारिहडीह रंगोली अलीनगर में 20 बीघे में अवैध तरीके से प्लाटिंग की जा रही थी। जोनल अधिकारी सिंह गौरव जयप्रकाश की निगरानी में कार्रवाई की गई।
सारनाथ वार्ड में नीरज पांडेय ने फरीदपुर में बगैर नक्शा के हो रहे अवैध निर्माण को सील कराया। बरियासनपुर संदहा में विजय ने अवैध निर्माण सील किया। रमेश यादव ने महनपुरा रिंग रोड सारनाथ के पास अवैध निर्माण सील कराए। उधर, वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने शिवपुर वार्ड के शिवपुर बाईपास रोड भगतपुर, वाराणसी रिंग रोड, माधोपुर, हरिहरपुर, सरसवां, अहमदपुर, दान्दूपुर, मकबूल आलम रोड हमरौटिया, सुद्धीपुर शिवपुर के 11 स्थलों का निरीक्षण किया। मौके पर 6 निर्माण सील कराए। जोनल अधिकारियों को हिदायत दी कि जांच कर अवैध निर्माण सील कराएं।
नौ लोगों को भीख मांगते पकड़ा, अपना घर आश्रम भेजा
जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दुबे के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को भिक्षावृत्ति मुक्त काशी के तहत अभियान चलाया गया। इस दौरान सर्किट हाउस के आसपास से और लाटशाही मजार के पास से नौ लोगों को भीख मांगते पकड़ा गया। इसमें छह लोगों को अपना घर आश्रम भेजा गया और तीन लोगों को सीडब्ल्यूसी के सामने पेश किया गया।
हत्या के प्रयास के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में 16 जून 2024 को शिवम मिश्रा पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले के आरोपी अरविंद यादव उर्फ लाखू की जमानत अर्जी सत्र न्यायाधीश संजीव पांडेय की अदालत ने खारिज दी।
अभियोजन के अनुसार महेंद्र मिश्र का पुत्र शिवम मिश्रा दवा लेने के लिए गौरा बाजार जा रहा था। रास्ते में चांदपुर के पास अभियुक्त मटरू यादव, सुनील यादव, शुभम यादव और अरविंद उर्फ लाखू यादव ने पिस्टल की बट, धारदार हथियार और लाठी-डंडे से जान से मारने की नीयत से शिवम पर जानलेवा हमला किया था। घायल शिवम मिश्रा को बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया था कि घायल शिवम मिश्रा को अगर तत्काल इलाज न मिलता तो उसकी जान जा सकती थी।
सेंट्रल बार सभागर में जयंती समारोह का आयोजन
सेंट्रल बार एसोसिशन के सभागार में शुक्रवार को पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर पाठक की जयंती समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह के मुख्य अतिथि जिला जज संजीव पांडेय रहेंगे। अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे करेंगे। यह जानकारी समारोह की संयोजक जयश्री पाठक और रंजन मिश्र ने दी है।
फायरिंग और अपहरण के प्रयास के मामले में जमानत मिली
विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) कोर्ट यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में जुलाई 2017 के लंका थाने के टोल प्लाजा पर मारपीट करने, अपहरण के प्रयास और हत्या के लिए फायरिंग करने के मामले में सुनवाई हुई। अदालत ने शिवपुर निवासी आरोपी संदीप सिंह को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। इस प्रकरण में बसपा के पूर्व सांसद अतुल राय के भी शामिल होने का आरोप है। घटना के संबंध में रोहनिया थाने के बेटावर निवासी ईंट-भट्ठा संचालक सर्वेश तिवारी ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
वंदे भारत पर पत्थर फेंकने के आरोपी को जमानत मिली
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (उतर रेलवे) अभिनव जैन की कोर्ट ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के मामले में आरोपी भदोही के कोयलरा गोपीगंज निवासी गोलू जायसवाल की जमानत अर्जी मंजूर कर ली।
प्रकरण के अनुसार पिछले साल 29 सितंबर को ज्ञानपुर से जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर अहिमनपुर के पास पत्थर फेंका गया था। इस मामले में आरपीएफ रामबाग पोस्ट पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में विवेचना के दौरान आरपीएफ रामबाग के एसआई काशीनाथ मिश्रा ने आरोपी गोलू जायसवाल को गिरफ्तार किया था। कोर्ट में आरोपी के अधिवक्ता ने दलील दी कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। सिर्फ सिपाही से कहासुनी होने पर गोलू को फंसा दिया गया है।
बीएचयू में आज से दो दिन चलेगा रक्तदान शिविर
बीएचयू में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार से दो दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग और न्यू पीजी गर्ल्स हॉस्टल में किया गया है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय वेल बीईंग सर्विस सेल और राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से लगने वाले इस शिविर में विद्यार्थी, शिक्षक सहित अन्य लोग रक्तदान कर सकते हैं। इस दौरान बीएचयू ब्लड बैंक की टीम रक्तदान करने से सेहत को होने वाले लाभ के बारे में भी जागरूक करेगी।
बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बदौलत सत्ता के शिखर पर होगी सुभासपा : ओमप्रकाश
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर गुरुवार को शिवपुर के गांव कमौली में कार्यकर्ता शंकर राजभर के घर पहुंचे। उनका स्वास्थ्य हाल जाना। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। इन्हीं के बदौलत सुभासपा की राजनीति में पहचान बनी है। पार्टी एक दिन सत्ता के शिखर पर होगी। यहां से वह शंकरपुर पहुंचे।
यहां दिवंगत रामबरन मास्टर के आकस्मिक निधन पर शोक जताया। इसके बाद कोदोपुर झूलन प्रसाद राजभर के यहां पहुंचे। बीते दिनों उनके बेटे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उमेश राजभर, जिला प्रमुख महासचिव डॉ वसंत राजभर, मंत्री प्रतिनिधि रमेश राजभर, नित्यानंद पांडे, अक्षय राजभर समेत अन्य मौजूद रहे।
14 जनवरी तक मदरसे भी बंद हों
कड़ाके की सर्दी में बेसिक स्कूल 14 जनवरी तक बंद हैं। मदरसों को 11 जनवरी से खोले जाने पर टीचर्स एसोसिएशन मदारिसे अरबिया ने एतराज जताया है। पदाधिकारियों ने जिला अल्पसंख्यक अधिकारी से मदरसों को भी 14 जनवरी तक बंद करने की मांग की। पदाधिकारी डॉ. नबीजान ने कहा कि रजिस्ट्रार मदरसा बोर्ड के आदेशानुसार शुक्रवार तक शीतावकाश समाप्त हो जाएगा।
7.5 घंटे देरी से पहुंची बुंदेलखंड एक्सप्रेस
कोहरे के चलते ट्रेनों का परिचालन बेपटरी है। गुरुवार को ग्वालियर बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे देरी से पहुंची। हापा-नाहरगुन स्पेशल ट्रेन साढ़े चार घंटे, जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, बरकाकाना वाराणसी मेमू, पुणे मऊ फेयर स्पेशल चार घंटे, सूरत छपरा ताप्ती गंगा, जम्मूतवी वाराणसी बेगम पुरा एक्सप्रेस, मुंबई एलटीटी गोरखपुर काशी एक्सप्रेस, नई दिल्ली बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटे लेट से पहुंची। अहमदाबाद गोरखपुर एक्सप्रेस, सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस, दुर्ग छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश हावड़ा दून एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी के साथ कैंट स्टेशन पहुंची।
शिविर से वापस लौटने पर छात्राओं का हुआ सम्मान
गुजरात के राजकोट 10 दिवसीय 25 वें राष्ट्र कथा शिविर का 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक आयोजन किया गया। शिविर में राष्ट्र की एकता, अखंडता, उसकी सुरक्षा, सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा और विकसित भारत के मिशन को पूरा करने में युवा पीढ़ी के दायित्व और अनुशासन से संबंधित व्याख्यान दिए गए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिका डॉ. विशालाक्षी देवी और मनीषा, अनुष्का, कनक, अमृता और करिश्मा को विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्या अंजू सिंह ने सम्मानित किया। साथ ही जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता (विज्ञान विषय) में कक्षा 11 वीं की छात्रा श्रेया और जाह्नवी यादव का मंडल स्तर पर चयन होने के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. अनीता गिरी, सरिता कुशवाहा, नंदिता यादव, अंजू यादव और चंद्रिका मौजूद रही।
आईसीएसएसआर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञों ने रखी बात
गवर्नमेंट डीएलडब्ल्यू कॉलेज के फिजिकल एजुकेशन विभाग में आईसीएसएसआर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस हुआ। विषय युवा विकास, धर्म संस्कृति और खेलों का एकीकरण था। मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति डॉ. दिलीप कुमार दूरहा ने युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए धर्म, संस्कृति और खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। सचिव डॉ. रजनीश चंदर त्रिपाठी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को इन तीनों क्षेत्रों के सामंजस्य से सशक्त बनाना है।
कॉन्फ्रेंस में डॉ. केटी फिट्जगेराल्ड, विटनबर्ग यूनिवर्सिटी, डॉ पियंजली डी जोयसा, यूनिवर्सिटी ऑफ कोलंबो, श्रीलंका डॉ. शैबल चंदा, जशोर यूनिवर्सिटी, बांग्लादेश, डॉ. वेल मुस्तफा अबुहासन, अरब अमेरिकन यूनिवर्सिटी और डॉ. बिनोद घिमिरे, त्रिभुवन यूनिवर्सिटी ने अपनी बात रखी। कार्यक्रम में शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। युवाओं के विकास में धर्म, संस्कृति और खेलों की भूमिका पर चर्चा हुई।
आज इमाम ताकि की विलादत पर होंगी महफिलें
हजरत अली की जयंती के पहले नौवें इमाम मोहम्मद ताकि की विलादत का जश्न शुक्रवार से शुरू होगा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि शहर के जामा मस्जिदों में तकरीर होगा। रात में कई जगह महफिलें होंगी। जबकि 11 और 12 जनवरी को हजरत अली की विलादत का जश्न शुरू हो जाएगा।
28 अंजुमनों ने इमाम ताकि और मौला अली की विलादत का जश्न मनाएंगी। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को दोषीपुरा से जुलूस उठाया जाएगा। जो विभिन्न मार्गों से होकर मैदागिन पहुंच कर मुख्य जुलूस में शामिल होगा। फिर ये जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए दरगाहे फातमान पहुंचेगा। जुलूस से एकता, मोहब्बत का पैगाम देंगे।
सभी सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर रूफटॉप
जिले के सभी विभागों के भवनों का सोलराइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है। इसके तहत सभी तहसील, विकासखंड के भवनों पर काम काम शुरू हो गया है। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि तहसील राजातालाब पुरानी बिल्डिंग पर 7.5 किलोवॉट, नई बिल्डिंग पर 5 किलोवॉट, तहसील सदर पर 15 किलोवॉट, तहसील पिंडरा पर 45 किलोवॉट विद्युत भार होने के कारण रेस्को मोड में लगाए जाने की कार्यवाही की जा रही है। अन्य तहसीलों पर सोलर रूफटॉप लगाए जाने का काम चल रहा है।
लालपुर में वीडीए बनवाएगा कम्युनिटी सेंटर
वीडीए लालपुर में लैंडमार्क टावर थ्री के पीछे जमीन पर जी प्लस फोर कम्युनिटी सेंटर व लाइब्रेरी का निर्माण कराएगा। इस सेंटर में हर प्रकार की सुविधाएं आम जनता को उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही लाइब्रेरी में भी सभी प्रकार की पुस्तकों को रखा जाएगा। पिछले दिनाें हुई बैठक में वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने मातहतों को निर्देश दिए थे। लालपुर क्षेत्र में वीडीए की बिल्डिंग और प्लाॅट हैं। यहां पर कम्युनिटी सेंटर और लाइब्रेरी का अभाव था। जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही है। खरमास बाद यहां काम शुरू होगा।
बीएचयू में युवा वैज्ञानिक डॉ. निलिशा रस्तोगी को मलयेशिया में अवॉर्ड
बीएचयू के आणविक जीवन विज्ञान इकाई में डीएचआर युवा वैज्ञानिक डॉ. निलिशा रस्तोगी को कुआलालंपुर मलयेशिया में समारोह में राइजिंग स्टार अवॉर्ड-2024 से नवाजा गया है। 1 से 6 दिसंबर तक कुआलालंपुर कन्वेंशन सेंटर (केएलसीसी) में 18वें एशियाई क्रिस्टलोग्राफिक एसोसिएशन सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय क्रिस्टलोग्राफी संघ (आईयूसीआर) ने अवॉर्ड दिया।
यह पुरस्कार एशिया और ओशिनिया में क्रिस्टलोग्राफी के क्षेत्र में उभरते वैज्ञानिकों को दिया जाता है। डाॅ. निलिशा ने माइको बैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस के चिकित्सीय रूप से महत्वपूर्ण प्रोटीन आरवी1509 और आरवी2231ए के संरचनात्मक और जैव भौतिक गुण पर अपनी बात रखी।