बीएचयू: चार साल में 35 पायदान नीचे, क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में एशिया में 234वां स्थान; गिरावट ने बढ़ाई चिंता
बीएचयू की एशियाई रैंकिंग चार साल में 35 पायदान गिरी। जबकि बीते एक साल में 10 रैंक का नुकसान हुआ है। इस बार 234वां स्थान मिला है। ऐसे में जेएनयू, डीयू और जामिया से बीएचयू पीछे रहा।
विस्तार
क्यूएस वर्ल्ड में बीएचयू की एशियाई रैंकिंग चार साल में 35 और तीन साल में 31 पायदान गिर गई है। जबकि बीते एक साल में 10 रैंक का नुकसान हुआ है। हालिया जारी क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग 2027 में बीएचयू एशिया का 234वां सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय या संस्थान बना है। जबकि पिछले साल 224वीं और तीन साल पहले 2023 में जारी 2024 की रैंकिंग 199वीं थी। 2025 की 203 और 2026 रिपोर्ट की रैंकिंग गिरकर 224 पर आ गई थी।
दक्षिण एशिया में एक रैंक का फायदा
इसके अलावा 2027 की दक्षिण एशियाई रैंक 43 पर है। जबकि 2024 की 34 थी। यानी कि नौ रैंक का घाटा हुआ है, हालांकि बीते एक साल में एक पायदान का फायदा हुआ है। बीएचयू पिछले साल के 44 रैंक से एक कदम आगे 43वें स्थान पर है। एशिया रैंकिंग में एकमात्र आईआईटी कानपुर ही है जो टॉप 100 संस्थानों में जगह बनाने में कामयाब हुआ है। बीएचयू के मुकाबले डीयू की 106वीं, जेएनयू की 128वीं, जामिया मिलिया इस्लामिया की 183वीं, आईआईटी कानपुर की 97वीं रैंक, आईआईटी बीएचयू की 219वीं रैंक से खराब स्थिति है, हालांकि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की 268वीं रैंक से बीएचयू 34 स्थान ऊपर है।
बीएचयू को ओवरऑल स्कोर 50.1 अंक मिला है। वहीं एकेडमिक रेपुटेशन 61.5, एंप्लॉयर रेपुटेशन 39.5, इंटरनेशनल रिसर्च नेटवर्क 96.5, स्टाफ विद पीएचडी में 94.9, प्रति प्रोफेसर प्रकाशित रिसर्च में 47.2, अंतरराष्ट्रीय छात्र में 14.6, विदेशी प्रोफेसर पर 4.6, शिक्षक-छात्र अनुपात को 26.2 अंक और प्रति प्रोफेसर साइटेशन यानी कि उनके कुल शोधों की संख्या को 33.5 अंक दिए गए हैं। इन बाउंड एक्सचेंज में 4.6 अंक और आउटपुट एक्सचेंज में 9.4 अंक है।
इन बाउंड एक्सचेंज में जब बीएचयू का छात्र दूसरे देश के विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने जाता है, वहीं आउटबाउंड एक्सचेंज में जब कोई विदेशी छात्र आपके विश्वविद्यालय में कुछ समय के लिए पढ़ाई करने आता है। ये किसी औपचारिक अंतर-संस्थागत समझौते के चलते एक या दो सेमेस्टर के लिए अपने मूल संस्थान को छोड़कर दूसरे में रहते हैं।