BHU PhD Admission 2025: बीएचयू में 101 सीटों पर 12 देसी व विदेशी भाषाओं में कर सकेंगे PhD, पढ़ें- पूरी जानकारी
बीएचयू में 101 सीटों पर 12 देसी व विदेशी भाषाओं में पीएचडी कर सकेंगे।विदेशी भाषा में सबसे ज्यादा 10 सीटें फारसी भाषा को दी गई हैं। इसके बाद जर्मन को 7 सीटें मिली हैं।
विस्तार
बीएचयू में देसी-विदेशी भाषाओं पर 101 शोधार्थियों को पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। सोमवार को बुलेटिन में 12 भाषाओं पर रिसर्च के लिए पीएचडी की सीटें जारी की गई हैं। ये सभी शोध कला संकाय में होंगे। विदेशी भाषा में सबसे ज्यादा 10 सीटें फारसी भाषा को दी गई हैं। इसके बाद जर्मन को 7 सीटें मिली हैं।
नेपाल अध्ययन केंद्र का अस्तित्व खत्म हो गया, लेकिन नेपाली भाषा पर रिसर्च के लिए चार सीटें दी गई हैं। नेपाल अध्ययन केंद्र का राजनीति विज्ञान विभाग में विलय हो चुका है। चाइनीज और पाली में 2-2 सीटें आवंटित की गई हैं। वहीं, रीजनल भाषाओं में बंगाली, उर्दू और मराठी में 4-4 सीटों पर रिसर्च कराया जाएगा।
भाषाओं में सबसे ज्यादा सीटें अंग्रेजी को मिली हैं। अंग्रेजी में कुल 44 सीटों और हिंदी में 37 सीटों पर पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। संस्कृत को 26 सीटें मिली हैं। लिंग्विस्टिक में पांच शोधार्थियों को एडमिशन मिलेगा।
डिस्टेंस लर्निंग डिग्री में कोर्स अप्रूवल सर्टिफिकेट
डिस्टेंस लर्निंग की डिग्री ले चुके अभ्यर्थियों को भी पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। इसमें इग्नू और एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है। डिस्टेंस लर्निंग से पीजी कर चुके अभ्यर्थियों को आवेदन करते वक्त डिग्री के साथ ही उस कोर्स से संबंधित अप्रूवल सर्टिफिकेट भी अपलोड करना होगा।
फर्जी सर्टिफिकेट लगाया तो न प्रवेश न ही नौकरी
बीएचयू पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान फर्जीवाड़ा करना अभ्यर्थियों को भारी पड़ सकता है। यदि अभ्यर्थी आवेदन के साथ फर्जी सर्टिफिकेट अपलोड किया गया तो पकड़े जाने पर प्रवेश रद्द कर दिया जाएगा। छात्र को बीएचयू में किसी भी तरह की प्रवेश प्रक्रिया से डिबार कर दिया जाएगा। उसे भविष्य में किसी तरह की कोई नौकरी नहीं मिलेगी। यदि बीएचयू से डिबार छात्र ने प्रवेश पा लिया है तो उसका पीएचडी एनरोलमेंट और एडमिशन किसी भी समय खत्म कर दिया जाएगा। बीएचयू ने सोमवार को 1540 सीटों पर पीएचडी के लिए बुलेटिन जारी किया। इसमें चारों कॉलेजों में 124 सीटों पर पीएचडी कराई जाएगी। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 21 जनवरी और रिजल्ट 15 फरवरी को घोषित होगा।