Varanasi Crime: बेटी को रोकने का विरोध किया तो एलआईयू इंस्पेक्टर पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
बीएचयू के एलआईयू इंस्पेक्टर पर ईंट से हमला करने वाले तीन आरोपियों में से एक को मारपीट के दौरान पकड़ लिया गया है और दो अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
विस्तार
परिवार के साथ बुधवार की रात बाइक से घर लौट रहे एलआईयू इंस्पेक्टर विनय मोहन पाठक पर दुर्गाकुंड स्थित ब्रह्मानंद कॉलोनी में तीन मनबढ़ों ने हमला कर दिया। आरोप है कि स्कूटी सवार बेटी को रोकने का एलआईयू इंस्पेक्टर ने विरोध किया था। इससे नाराज मनबढ़ों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इससे विनय मोहन को गंभीर चोट लगी है।
इस बीच पहुंचे कुछ राहगीरों ने एक आरोपी बिहार के नेवादा के दौलतपुर निवासी दीपक कुमार को दौड़ा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। भेलूपुर थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया। साथ ही दीपक कुमार को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उसे जेल भेज दिया गया। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर कॉलोनी निवासी एलआईयू इंस्पेक्टर विनय मोहन पाठक ने पुलिस को बताया कि वह दुर्गाकुंड स्थित अपने बड़े पिता की वैवाहिक वर्षगांठ मनाकर बेटी, बेटे और पिता के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बेटी स्कूटी से आगे चल रही थी। बेटे के साथ वह पीछे बाइक से आ रहे थे। ब्रह्मानंद नगर कॉलोनी में एल-1 कोचिंग के पास रात 10.45 बजे पहुंचे थे, तभी बेटी की स्कूटी को एक युवक ने रोक दिया।
पीछे से पहुंचा तो अचानक स्कूटी रोकने का युवक से कारण पूछा तो वह गाली गलौज करने लगा। इतने में पीछे से बाइक से दो युवक और आ गए और सब मारपीट करने लगे। एक युवक ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। एलआईयू इंस्पेक्टर ने बताया कि ईंट-पत्थर से चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। बेटी और बेटा चीखने लगे तो आसपास के लोग जुट गए।