सातवें वेतन आयोग की मांग पूरी ना होने पर बीएचयू रेजिडेंट आज से हड़ताल पर, दर बदर भटक रहे मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रामा सेंटर के रेजिडेंट आज से दो दिन हड़ताल पर रहेंगे। डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने से सोमवार को सुबह से ही अस्पताल और ट्रामा सेंटर में मरीज परेशान नजर आए। बाल रोग विभाग, हृदय रोग विभाग समेत सभी विभागों की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ी रही।
हालांकि सीनियर डॉक्टर अपने चेंबर में मौजूद थे, लेकिन रेजिडेंट के ओपीडी ना देखने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, वार्डों में भर्ती मरीजों की भी देखभाल ना होने पर उनके तीमारदार परेशान रहे।
सातवें वेतन आयोग की मांग पूरी न होने के विरोध में होने वाली हड़ताल में रेजिडेंट ओपीडी, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर में सेवा ठप रखेंगे। हालांकि इमरजेंसी, आईसीयू, लेबर रूम में अन्य दिनों की तरह सेवाएं जारी रहेंगी।
दो दिवसीय हड़ताल की जानकारी रेजिडेंटों ने पहले ही पीएमओ, कुलपति, आईएमएस निदेशक, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को दे दिया था। रविवार को भी इस बारे में चिकित्सा अधीक्षक को पत्र देकर सोमवार से हड़ताल शुरू करने की जानकारी दी। रविवार को बैठक के बाद इसका फैसला लिया गया।
इसमें अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेस में भी होने वाले हड़ताल का भी हवाला दिया गया है। रेजिडेंटों ने बताया कि तीन साल से सातवें वेतन को लेकर आवाज उठायी जा रही है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न होने पर ये निर्णय लिया गया है। रेजिडेंटों ने कहा कि वार्ड, ओपीडी, लैब में कोई सेवा नहीं दी जाएगी। इसके अलावा दो दिनों तक कक्षाओं में भी नहीं जाएंगे।