बीएचयू: बवाल और विवाद के बाद चीफ प्रॉक्टर का इस्तीफा, प्रो. शिव प्रकाश को नई जिम्मेदारी
बीएचयू कैंपस में पिछले दिनों वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. जीसीआर जायसवाल को पीट दिया गया था। इसी तरह बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल की इमरजेंसी में जूनियर डॉक्टरों को पीट दिया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू परिसर में बवाल और विवाद के बाद चीफ प्रॉक्टर प्रो. अभिमन्यु सिंह ने बुधवार को पद से इस्तीफा दे दिया। कुलपति प्रो. एसके जैन ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए प्रो. शिवप्रकाश सिंह को चीफ प्रॉक्टर बनाया है। कृषि विज्ञान संस्थान के एग्रोनॉमी विभाग के प्रो. शिवप्रकाश ने देर शाम कार्यभार भी संभाल लिया।
बीएचयू कैंपस में पिछले दिनों वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. जीसीआर जायसवाल को पीट दिया गया था। इसी तरह बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल की इमरजेंसी में जूनियर डॉक्टरों को पीट दिया गया था। सीनियर डॉक्टरों से भी बदसलूकी की गई थी। घटना के बाद जूनियर डॉक्टराें ने छह दिनों तक कामकाज ठप रखा था। इस मामले में बीएचयू के छह छात्रों को निलंबित किया गया था। अब प्रो. अभिमन्यु सिंह इस्तीफे का मामला सामने आया है।
डिप्टी चीफ प्रॉक्टर रह चुके हैं प्रो. शिवप्रकाश
विश्वविद्यालय के नए चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिवप्रकाश सिंह डिप्टी चीफ प्रॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि मुख्य परिसर समेत अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में शांतिमय माहौल बनाने के उद्देश्य से विशेष निगरानी की जाएगी। इसके लिए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को चौकस रहने को कहा गया है। परिसर में पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी। सीसी कैमरों की निगरानी की जाएगी। छात्र-छात्राओं की जो भी समस्याएं होंगी, उसका समाधान कराया जाएगा।
43 सदस्यीय टीम में 11 डिप्टी चीफ प्रॉक्टर
नए चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिवप्रकाश सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड की 43 सदस्यीय टीम भी गठित कर दी गई। इसमें 11 डिप्टी चीफ प्रॉक्टर शामिल हैं। इनमें कई नए सदस्य हैं। कुछ को दुबारा जिम्मेदारी मिली है।