बीएचयू: परिसर में तृतीय वर्ष की छात्रा के साथ छेड़खानी, एनसीसी गर्ल्स बटालियन का हवलदार गिरफ्तार
बीएचयू के नवीन छात्रावास के पास कला संकाय की अंतिम वर्ष की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
बीएचयू परिसर में एक छात्रा के साथ एनसीसी के 28 यूपी गर्ल्स बटालियन में तैनात हवलदार ने शुक्रवार की रात छेड़खानी की। छात्रा की तहरीर पर लंका पुलिस ने आरोपी हवलदार मनोज कुमार को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
बीएचयू में कला संकाय की तृतीय वर्ष की छात्रा ने 11 फरवरी की देर रात चीफ प्रॉक्टर के माध्यम से लंका पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात 9.30 बजे हवलदार मनोज कुमार ने प्रश्नपत्र देने के लिए बुलाया था। नरिया गेट पर पहुंचने पर आरोपी नवीन महिला छात्रावास के पास ले गया और छेड़खानी की।
शोर मचाने पर जुटे सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी हवलदार को पकड़ा और चीफ प्रॉक्टर कार्यालय भिजवाया। इस बारे में एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी हवलदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
पढ़ेंः दरोगा परीक्षा में धांधली करने वाले सॉल्वर गैंग के तीन लोग गिरफ्तार, 12 प्रवेश पत्र बरामद
बीएचयू परिसर में सुरक्षा पर भी सवाल
विश्वविद्यालय परिसर में घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी छात्रों में मारपीट तो कभी छेड़खानी की घटना से सुरक्षा पर सवाल उठने लगा है। परिसर में हर चौराहों, छात्रावास, कार्यालयों में सुरक्षा कर्मचारियाें की तैनाती रहती है। वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से चीफ प्रॉक्टर आफिस से जुड़ी खुफिया एजेंसी भी हैं। परिसर में पेट्रोलिंग व्यवस्था भी है। बावजूद परिसर में इस तरह की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। उधर घटना को अंजाम देने वाले 28 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के हवलदार का नाम सामने आने और उसकी गिरफ्तारी के बाद बटालियन के लोग भी हैरान हैं।
एनसीसी की एक और छात्रा ने कोच पर लगाया छेड़खानी का आरोप
बीएचयू के एनसीसी बटालियन के एक और कोच पर छात्रा कैडेट ने छेड़खानी और अश्लील वीडियो कॉल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा की तहरीर पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने आरोपी कोच जसपाल के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार दर्ज मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी गई।
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा के अनुसार वह 91 यूपी बटालियन की गर्ल्स कैडेट है। 15 दिनों पूर्व बटालियन का कैंप बीएचयू परिसर गया था। छात्रा का आरोप है कि एनसीसी कोच जसपाल ने गलत तरीके से छूने का प्रयास किया और शिकायत करने पर एनसीसी परीक्षा में फेल करने की धमकी दी।
एनसीसी की एक और छात्रा ने कोच पर लगाया छेड़खानी का आरोप
फेल की बात सुनकर सहम गई। इधर, चुप्पी साधने पर कोच की हरकतें बढ़ती गई। वह दिन और रात में वीडियो कॉल करने लगा और अश्लील फोटो भेजता था। आरोप है घर आकर मिलने का दबाव बनाया। कोच की हरकतों से परेशान होकर इसकी शिकायत 91 यूपी बटालियन स्थित कार्यालय में जाकर एनसीसी सीओ से की। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर आरोपी कोच जसपाल के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।