बीएचयू: नियुक्ति के 28 दिन बाद विश्वविद्यालय पहुंचे कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन, शनिवार को ग्रहण करेंगे कार्यभार
इसी साल मार्च में बीएचयू के कुलपति पद पर प्रो. राकेश भटनागर का कार्यकाल पूरा होने के बाद से नए कुलपति का इंतजार था। 13 नवंबर को प्रो. सुधीर कुमार जैन की नियुक्ति का आदेश जारी हुआ था। नियुक्ति के 28 दिन बाद शुक्रवार को वो विश्वविद्यालय पहुंचे।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के नए कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन नियुक्ति के 28 दिन बाद शुक्रवार रात को विश्वविद्यालय पहुंचे। वह एलडी गेस्ट हाउस में ठहरे हैं। शनिवार सुबह बीएचयू विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद 28वें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
विश्वविद्यालय में इसी साल मार्च में कुलपति पद पर प्रो. राकेश भटनागर का कार्यकाल पूरा होने के बाद से नए कुलपति का इंतजार था। आठ महीने बाद शिक्षा मंत्रालय की ओर से 13 नवंबर को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी हुआ। कुलपति प्रो. जैन ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर जल्द ही बीएचयू आने की बात कही थी। अब 28 दिन बाद वह विश्वविद्यालय आ गए हैं। प्रभारी वीसी, चीफ प्रॉक्टर समेत अन्य अधिकारियों ने एलडी गेस्ट हाउस में उनका स्वागत किया।
कुलपति के न आने पर छात्रों ने उठाए थे सवाल
वाराणसी। बीएचयू के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के विश्वविद्यालय में कार्यभार ग्रहण न करने आने पर छात्रों ने सवाल उठाते हुए भिक्षाटन कर कुलपति के आने का खर्च वहन करने की बात कही थी। शुक्रवार को एनएसयूआई बीएचयू इकाई के बैनर तले छात्रों ने मधुबन पार्क में बैठक में अध्यक्ष राणा रोहित ने चेतावनी दी थी कि अगर 11 दिसंबर तक वह कार्यभार नही संभालते हैं तो भिक्षाटन कर उनके आने की व्यवस्था कराएंगे।
बीएचयू में दाखिले के लिए शनिवार से होगी काउंसिलिंग
बीएचयू में स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए शनिवार से काउंसिलिंग शुरू होगी। पहले दिन विज्ञान संकाय में बीएससी ऑनर्स मैथ ग्रुप और एमएससी केमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, कंप्यूटर साइंस और एमसीए के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। पीजी में ऑनलाइन जबकि यूजी में ऑनलाइन, ऑफलाइन दोनों माध्यमों से काउंसिलिंग होगी।
काउंसिलिंग को लेकर संकायों में दिन भर तैयारियां चलती रहीं। अभ्यर्थियों ने प्रवेश पोर्टल पर जो कागजात अपलोड किए हैं, उनके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सुबह 10 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। विज्ञान संकाय प्रमुख के निर्देशन में काउंसिलिंग के लिए शिक्षकों की टीम गठित कर दी गई है।
11 दिसंबर को बीएससी आनर्स मैथ ग्रुप और 14 दिसंबर को बायो ग्रुप वाले अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। मैथ ग्रुप में कटऑफ अंक सामान्य श्रेणी में 193, ओबीसी 169, अनुसूचित जाति 120, जनजाति वालों के लिए 38 अंक है। एमएससी केमिस्ट्री में सामान्य में 181, ओबीसी 155, एससी 90 और एसटी में 67 अंक, एमसीए में सामान्य 192, ओबीसी 165, एससी 101, एसटी में 59 अंक वालों की काउंसिलिंग होगी।
पढ़ेंः वाराणसी को जल्द मिलेगा 20वां थाना: कैंट और शिवपुर के बीच खुलेगा कमिश्नरेट का नया थाना