भदोही: खाद लेने बाजार आए किसान को बाइक ने मारी टक्कर, मौत; प्राथमिकी दर्ज कर बाइक चालक की तलाश
डीएपी खाद लेकर लौट रहे एक बुजुर्ग किसान की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। पोते के साथ बाजार आए किसान ने खाद बाइक पर लदवाकर पैदल घर जाने का फैसला किया था। कलिंजरा मोड़ के पास हादसा हुआ। पुलिस बाइक चालक की तलाश कर रही है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
गेहूं की बोआई के लिए डीएपी खाद लेने बाजार आए 63 वर्षीय किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार को ऊंज थाना क्षेत्र के कलिंजरा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में किसान के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ऊंज थाना क्षेत्र के दरवांसी गांव निवासी शोभनाथ गौड़ खेती-किसानी करते थे। इन दिनों गेहूं की बोआई के लिए किसान डीएपी खाद की व्यवस्था में जुटे हैं। इसी क्रम में सोमवार को शोभनाथ अपने पोते शनि के साथ बाइक से ऊंज बाजार पहुंचे थे। दोनों गेहूं की बोआई के लिए डीएपी खाद लेने आए थे। बाजार से खाद खरीदने के बाद शोभनाथ ने उसे पोते की बाइक पर लदवा दिया। इसके बाद उन्होंने पोते से कहा कि वह बाइक लेकर घर चला जाए, जबकि वह पैदल ही घर पहुंच जाएंगे।
परिजनों में मातम
बताया गया कि शोभनाथ पैदल घर लौटते समय कलिंजरा मोड़ के पास सर्विस लेन से होकर हाईवे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरौत की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शोभनाथ सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट लगने से हालत बिगड़ गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायल किसान को गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की बहू उर्मिला देवी ने बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। ऊंज थानाध्यक्ष शशांक वाजपेयी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर बाइक चालक की तलाश की जा रही है।
