Varanasi: 'भाबी जी घर पर हैं' फेम विदिशा ने विश्वनाथ धाम में लगाई हाजिरी, बोलीं- पहले से काफी बदली काशी
कॉमेडी टीवी सीरियल ‘भाबी जी घर पर हैं’ में अनीता भाभी का किरदार निभाने वालीं विदिशा श्रीवास्तव बुधवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचीं। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बाबा का धाम देखकर धन्य हो गई।
विस्तार
कॉमेडी टीवी सीरियल ‘भाबी जी घर पर हैं’ में अनीता भाभी का किरदार निभाने वालीं विदिशा श्रीवास्तव बुधवार को वाराणसी पहुंचीं। बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद धाम की भव्यता निहारी। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में विदिशा श्रीवास्तव ने बताया कि आज हमने बाबा का विधि-विधान से दर्शन पूजन किया। मैं बाबा का धाम देखकर धन्य हो गई। जिस तरह से भव्य धाम बना है देखते ही बनता है। पहले से काफी काशी में बदलाव आया है।
टीवी अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव पांच साल बाद अपनी जन्म स्थली काशी पहुंची। काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन कर घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने कहा बनारस बदल गया है, लेकिन बनारसियों का अंदाज नहीं बदला। यही बनारस की पहचान है। पिपलानी कटरा निवासी विदिशा टीवी सीरियल में काम रही हैं।
बनारस को बहुत मिस करती हैं विदिशा
उन्होंने कहा कि काफी कुछ बदल गया है। इस बदलाव की जरूरत भी थी। यहां गलियां, संस्कार और संस्कृति आज भी जिंदा है। यह सब देख के बहुत अच्छा लग रहा है। बाबा के नव्य भव्य धाम की खूबसूरती देखते ही बन रही है। विदिशा से पूछा गया कि मुंबई में क्या मिस करती हैं, उनका कहना था, बनारसी कहीं भी रहे उसके दिल में बनारस रहता है।
यहां का खानपान, गलियां, बोली, घाट, मंदिर सब मिस करती हूं। उन्होंने कहा कि अगर सेट पर कोई बनारसी मिल जाता है तो उससे बनारसी में बात करती हूं। बताया कि साउथ की 11 फिल्मों में काम कर चुकी हैं, लेकिन टीवी सीरियल से उनके शहर के लोग भी उन्हें पहचान रहे हैं। इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता है।
अगर फिल्मों में काम करने का मौका मिला तो जरूर करूंगी। अभी सीरियल पर पूरा ध्यान है। विदिशा ने बताया कि बनारस आ रहीं थी तो उनके दोस्तों ने बनारस की प्रसिद्ध चीजें और बाबा का प्रसाद मंगवाया है। सब साथ लेकर जा रही हूं।