शादी करने आए दूल्हे ने कर दी ऐसी हरकत, बिना दुल्हन के लौट गई बरात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सोमवार को आई बरात में दूल्हे की अजीब हरकत को देख भड़की लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। काफी समझाने के बाद भी लड़की नहीं मानी, तो बिना शादी के बरात लौट गई।
जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के दलन छपरा गांव की एक लड़की की शादी सहतवार थाना क्षेत्र के सहतवार पूरब टोला निवासी चंदन सिंह से तय थी। तिलक आदि की रस्म पूरी होने के बाद सोमवार रात बरात दलन छपरा पहुंच गई। बारिश के कारण जनवासे में ही बरातियों को नाश्ता आदि कराने के बाद द्वार पूजा और गुरहत्थी का कार्यक्रम हुआ।
इसके बाद रात 11 बजे दूल्हा विवाह के लिए मंडप में पहुंचा। लड़की पक्ष की मानें तो विवाह मंडप में आते ही दूल्हा अजीब हरकत करने लगा। घर की लड़कियों ने दूल्हे की आरती उतारी और आरती में पैसे डालने के लिए कहा। इस पर दूल्हे के साथ गए रिश्तेदार ने पांच सौ रुपये डालने को दिए।
दूल्हा ने पैसे आरती के दीपक पर ही रख दिए, जिससे वह जल गया। मिठाई खाने के लिए कहा गया तो दूल्हे ने थाली में रखे पांचों रसगुल्ले खा लिए और हाथ शेरवानी से ही पोछ दिए। यह देख महिलाओं में कानाफूंसी हो रही रही थी कि लड़की की मां ने दूल्हे से मिट्टी में लटक रहे गमछे को ठीक करने को कहा।
इस पर दूल्हे ने अपशब्दों का प्रयोग कर दिया। यह सुन लड़की भड़क गई और शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद वर पक्ष ने काफी मान मनौवल किया, लेकिन बात नहीं बनी और बिना शादी के ही बरात रात में लौट गई।
वर पक्ष ने मंगलवार की शाम दोकटी थाने में तहरीर दी। इसमें वर पक्ष ने कहा है कि गुरहत्थी में लगभग चार लाख के गहने और कपड़े चढ़ा देने के बाद लड़की के पिता, मां और भाई ने लड़के के छोटे भाई से शादी करने और ऐसा ना होने पर शादी नहीं करने की बात कही। वर पक्ष ने गहने आदि दिलाने और कार्रवाई करने की मांग की।