बलिया: एमएलसी स्नातक-शिक्षक चुनाव, 54 केंद्रों पर 33,770 मतदाता करेंगे मतदान
बलिया में वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को 54 केंद्रों पर मतदान होगा। कुल 33,770 मतदाता 34 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा और मतदान केंद्रों पर जांच के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग से निगरानी की जाएगी।
विस्तार
वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बलिया जिले के 54 मतदान केंद्रों पर 33,770 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में स्नातक निर्वाचन के 24 और शिक्षक निर्वाचन के 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार देर शाम सदर तहसील से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 34 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन में 28,859 और शिक्षक निर्वाचन में 4,911 मतदाता हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 34 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और डीडीओ आनंद प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हर व्यक्ति की जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
मतदान को लेकर पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतदान केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जाए। मतदाता पहचान पत्र की जांच के बाद ही नियमानुसार प्रवेश दिया जाए। मतपेटिकाओं की लगातार निगरानी करने और उनमें स्याही, पानी या कोई अन्य सामग्री डालने जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। मतदान केंद्रों पर वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
वाराणसी में होगी मतगणना
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन आठ जिलों में हो रहा है, जबकि मतगणना वाराणसी में कराई जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।