फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Badminton RPF Parmeshwar achieves double success student selected for Sepak Takraw team

Sports News: बैडमिंटन....आरपीएफ के परमेश्वर को दोहरी सफलता, सेपक टकरा टीम में छात्रा चयनित; पढ़ें खबरें

Sat, 13 Dec 2025 04:26 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 13 Dec 2025 04:26 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न खेलों के आयोजन हुए। इसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी खेलों में प्रतिभाग कर रहे हैं। जीतने वालों को सम्मानित किया जा रहा है।

विज्ञापन
Badminton RPF Parmeshwar achieves double success student selected for Sepak Takraw team
बैडमिंटन खिलाड़ी से परिचय लेते पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारी। - फोटो : संवाद

विस्तार

Sports News in Hindi: पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल की ओर से अधिकारी क्लब में स्थित बैडमिंटन हॉल में शुक्रवार से अंतर विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हुई। इस प्रतियोगिता में आरपीएफ के परमेश्वर ने एकल और युगल मुकाबले जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।

विज्ञापन


आरपीएफ की टीम ने टीआरडी विभाग की टीम को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। एकल मुकाबले में आरपीएफ के परमेश्वर ने विद्युत विभाग के आर्यन गुप्ता को 30-14 से हराया। युगल मुकाबले में परमेश्वर और रामप्रवेश की जोड़ी ने विद्युत टीआरडी विभाग के रवि और सत्या की जोड़ी को 30-6 से हराया। 
विज्ञापन


सेपक टकरा टीम में छात्रा चयनित
69वीं माध्यमिक स्कूली खेलकूद में सेपक टकरा की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम घोषित कर दी गई है। घोषित यूपी टीम में वाराणसी की सौम्या सेठ का चयन हुआ है। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी सेपक टकरा खेलकूद प्रतियोगिता राजस्थान के जोधपुर में आयोजित की जा रही है। इसमें भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज, बैजनथ्था की कक्षा 11वीं की छात्रा सौम्या सेठ यूपी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। छात्रा के चयनित होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र नाथ सिंह और खेल शिक्षक नीरज सिंह ने उन्हें बधाई दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

सीनियर कुश्ती में दो खिलाड़ियों ने जीते पदक
अहमदाबाद में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में वाराणसी मंडल के दो खिलाड़ियों ने पदक जीता है। कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि गाजीपुर की फ्रीडम यादव कांस्य और वाराणसी की पुष्पा यादव स्वर्ण से चूक गई उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह बबलू, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष करणभूषण सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय, वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बधाई दी है। 

आदित्य गुप्ता और श्रद्धा ने लगाई सबसे लंबी छलांग
ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, फूलपुर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न हाउस के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लंबी कूद (बालक वर्ग) में प्रथम स्थान आदित्य गुप्ता, द्वितीय स्थान उत्कर्ष गुप्ता और तृतीय स्थान अजान अली ने प्राप्त किया। बालिका वर्ग में श्रद्धा यादव ने प्रथम, ईशानवी सिंह ने द्वितीय तथा प्रिया यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता (बालक वर्ग) में येलो हाउस ने प्रथम, ग्रीन हाउस ने द्वितीय और रेड हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया। 

Badminton RPF Parmeshwar achieves double success student selected for Sepak Takraw team
उत्कर्ष और शिवानी। - फोटो : संवाद

राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबाॅल टीम में काशी के उत्कर्ष व शिवानी
राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता राजस्थान में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए यूपी टीम का चयन ट्रायल के जरिये ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में हुआ। वाराणसी के दो खिलाड़ियों का इस टीम में चयन हुआ है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि बालक टीम में उत्कर्ष और बालिका टीम में शिवानी का चयन किया गया है। चयनित टीमें 16 से 21 दिसंबर तक राजस्थान के पिलानी में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। दोनों खिलाड़ी डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में पूजा यादव की देख-रेख में अभ्यास कर रहे हैं। 

अभिज्ञान, नाबाम तागीया के गोल से डालिम्स जीता
इंटर काशी फुटबॉल की ओर से शुक्रवार को इंटर क्रिम्सन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के मैदान पर अंतर-स्कूल फुटबॉल लीग में दो मुकाबले खेले गए। अंडर-18 मुकाबले में डालिम्स सनबीम चौबेपुर की टीम ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराकर अंक प्राप्त किए। मैच शुरू होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज खेल का प्रदर्शन किया। मैच का पहला गोल 23वें मिनट में डालिम्स सनबीम स्कूल के फॉरवर्ड अभिज्ञान सत्यम ने किया। इसके बाद दिल्ली पब्लिक स्कूल के खिलाड़ी बराबरी का प्रयास करते रहे, लेकिन गोल नहीं कर सके। पहले हाफ में बढ़त हासिल करने के बाद दूसरे हाफ में डालिम्स स्कूल और डीपीएस के बीच आक्रामक मैच देखने को मिला। 

मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए रेलवे टीम में काशी के दो क्रिकेटर
मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए रेलवे ने टीम घोषित कर दी है। इसमें वाराणसी के दो खिलाड़ियों, शुभम चौबे और रवि सिंह को जगह मिली है। भुल्लनपुर निवासी रवि सिंह दूसरी बार, जबकि लहुराबीर निवासी शुभम चौबे लगातार तीसरी बार इस प्रतियोगिता में खेलेंगे। 

क्रिकेट कोच पीपी आनंद मिश्र ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने कॅरिअर की शुरुआत आनंद क्रिकेट अकादमी से की थी और आज यह सफलता हासिल की है। मुश्ताक अली ट्रॉफी, बीसीसीआई के प्रतिष्ठित अखिल भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंटों में से एक है। रवि सिंह आनंद क्रिकेट अकादमी के कप्तान हैं, जबकि शुभम विकेटकीपर हैं।  

उन्होंने बताया कि शुभम चौबे एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं और रवि सिंह बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज हैं। खिलाड़ियों के चयन पर प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय, आरएसएस पूर्वी क्षेत्र के कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल, डॉ. राजेश्वर आचार्य, अब्दुल कादिर, विंध्याचल चौबे, ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव और संजय चौबे ने खुशी व्यक्त की है। 

जिलास्तरीय ग्रामीण लीग में समीर ने थ्रो और होल्ड से आदर्श को हराया
समीर ने शुक्रवार को ग्रामीण जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आदर्श को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हाॅल परमानंदपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में 40 किलोग्राम भार वर्ग में समीर ने अपने खेल की शुरुआत उकेमी और नागे वाजा तकनीक की रणनीति से की। चार-चार मिनट के दो बाउट में दोनों खिलाड़ियों ने थ्रो, होल्ड और चोक के इस्तेमाल किया। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र के 40 बालक खिलाड़ी विभिन्न भार वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं। निर्णायक की भूमिका बीना ने निभाई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed