आजमगढ़: बोलेरो में टक्कर के बाद मुआवजा मांगा तो बुजुर्ग को डीसीएम से कुचला, मौत; चालक को लोगों ने दौड़ाया
बोलेरो में टक्कर मारने के बाद नुकसान की भरपाई मांगने पर डीसीएम चालक ने कथित तौर पर बुजुर्ग पर वाहन चढ़ा दिया। आजमगढ़ के बरदह क्षेत्र के लसड़ा कला गांव में हुए हादसे में 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
बोलेरो में टक्कर मारने के बाद नुकसान की भरपाई मांगना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान डीसीएम चालक ने बुजुर्ग पर वाहन चढ़ा दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डीसीएम लेकर भागने लगा, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे राजगंज बाजार में पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जौनपुर जनपद के पिलकिछा गांव निवासी साहबराज यादव (55) सोमवार को अपने बड़े बेटे उदयराज, बहू साक्षी और तीन पोतियों के साथ दीदारगंज थाना क्षेत्र के धनवाल गांव में रिश्तेदारी से लौट रहे थे। देर शाम उनकी बोलेरो लसड़ा कला प्राथमिक विद्यालय के पास नरवे पुल के निकट पहुंची थी। इसी दौरान एक डीसीएम ने बोलेरो में टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो सवार लोगों ने डीसीएम का पीछा किया।
लसड़ा कला गांव में श्रीधर राजभर के घर के सामने डीसीएम को रोक लिया गया। आरोप है कि बोलेरो में हुए नुकसान की भरपाई मांगने पर चालक सूरज गुप्ता निवासी बरदह, थाना बरदह से विवाद हो गया। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर बुजुर्ग साहबराज यादव पर डीसीएम चढ़ा दी। वाहन की चपेट में आने से साहबराज की मौके पर ही मौत हो गई।
भाग रहे चालक को दौड़ाकर पकड़ा
घटना के बाद चालक डीसीएम लेकर भागने लगा। परिजनों और ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और राजगंज बाजार में पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर उसे सौंप दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चार पुत्र हैं। उनकी पत्नी प्रभावती समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पुत्र उदयराज की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर डीसीएम कब्जे में ले ली गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
