Independence Day: अमृत महोत्सव के उल्लास में झूमी पूरी काशी, आजादी का उल्लास जन-जन के मन पर छाया
आजादी के 75 सालों का जश्न पर अमृत महोत्सव के उल्लास में पूरी काशी झूम उठी। शहर से लेकर गांव तक उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुण्यात्माओं के बलिदान, त्याग और तपस्या का प्रतीक तिरंगा साथ हो तो भारत माता का जयघोष जुबां पर आना स्वाभाविक है। उस पर भी अगर ये मौका स्वतंत्रता दिवस की का हो तो जोश और उत्साह कैसा होगा, इसे हर भारतीय अपने दिल पर हाथ रखकर महसूस कर सकता है। कुछ ऐसा ही हुआ सोमवार को वाराणसी में।
आजादी के 75 सालों के जश्न पर अमृत महोत्सव के उल्लास में पूरी काशी झूम उठी। शहर से लेकर गांव तक उत्सव जैसा माहौल नजर आया। आसमान में विजय विश्व तिरंगा प्यारा... की तर्ज पर राष्ट्रध्वज फहराया गया। आजादी का उल्लास जन-जन के मन पर छाया। स्वतंत्रता दिवस पर शिव की नगरी काशी पूरी तरह से तिरंगामय नजर आई।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे जनपद में प्रभात फेरी निकाली। आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रध्वज सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी भवनों पर पूरे शान से फहराया गया। श्रम विभाग कार्यालय पर उत्तर प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग मंत्री अनिल राजभर, दीवानी न्यायालय कार्यालय पर जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश सहित कमिश्नरी कार्यालय भवन पर कर्तव्यनिष्ठ प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार सिंह, कलेक्ट्रेट भवन पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, विकास प्राधिकरण कार्यालय पर उपाध्यक्ष ईशा दुहन, विकास भवन कार्यालय पर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने ध्वजारोहण किया।
कमिश्नर बोले- पीड़ा व प्रश्न को बरकरार रखना चाहिए
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। कहा कि आज जब हम लोग आजादी का 75वां वर्ष मना रहे हैं, तब हम लोगों में से ऐसा कोई भी व्यक्ति नहीं होगा, जो गुलामी की उन हवाओं में सांस लिया हो। आगे कहा कि शायद गुलामी के दौर की व्यथा और पीड़ा को हम महसूस नहीं कर सकते। हम लोगों ने अपने पूर्वजों से सीखा है कि हमें जो चीज को आसानी से मिल जाती है, उसका कोई मूल्य नहीं है। लेकिन उस पीड़ा व प्रश्न को बरकरार रखना चाहिए कि आजादी हमे कैसे मिली।
मंडलायुक्त ने कहा कि पूरे विश्व में भारत के लोकतंत्र का बहुत बड़ा इतिहास है और उसके पीछे भी बहुत बड़ा इतिहास है। उसके पीछे की जो पीड़ा है, उसे हमारी आने वाली पीढ़ी भूल नहीं जाए, इसी उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस का महापर्व मनाया जाता है। विभाजन विभीषिका का उल्लेख करते हुए लोगों से कहा कि वे इस वर्ष को आनंद के रूप में अवश्य बनाएं, लेकिन इसके पूर्व संध्या पर भारत का विभाजन हुआ था। उस पीड़ा को भी महसूस करें। इस अवसर पर कमिश्नरी एवं मंडलीय कार्यालयों के अधिकारी/कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुति से मोहा मन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कमिश्नरी सभागार में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुत दी। हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने वंदे मातरम का समूह नृत्य, उदय प्रताप इंटर कॉलेज के छात्रों ने चंद्रशेखर आजाद पर नाटक, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति समूह नृत्य, सुधाकर महिला इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं ने "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम पर नाटक कर तालियां बटोरीं।
वहीं वल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने योगासन पर कार्यक्रम, कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राजस्थानी नृत्य, रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने दीपदान नाट्य, संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल के छात्राओं ने "तेरी ममता पर हम मर मिटेंगे-वतन हर घर तिरंगा" विषयक समूह नृत्य तथा सनबीम स्कूल अन्नपूर्णा के छात्र-छात्राओं ने "मिले सुर मेरा तुम्हारा" गायन से मन मोह लिया। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं सहित अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।